Chamba: मक्की की दावत उड़ाने बनीखेत पहुंचा जंगली मेहमान, घरों से निकलने में कांप रहे लोग...‌‌विभाग से लगाई गुहार

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 03:26 PM (IST)

बनीखेत (पार्थ): चम्बा जिले के बनीखेत के तहत आने वाली ग्राम पंचायत मनोला के कई गांवों में इन दिनों एक जंगली भालू की मौजूदगी ने लोगों की नींद उड़ा दी है। पंचायत के गांव गोली, टिकरू और मंधीयार में भालू के लगातार देखे जाने से ग्रामीणों, विशेषकर खेतों में काम करने वाली महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों में दहशत का माहौल है। हालात ये हैं कि भालू का खेतों और घरों के आसपास मंडराना अब आम बात हो गई है, जिससे हर समय एक बड़े खतरे का अंदेशा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों खेतों में मक्की की फसल पककर तैयार हो रही है। इसी फसल को खाने के लालच में भालू जंगलों को छोड़कर रिहायशी इलाकों का रुख कर रहा है और किसानों की मेहनत खराब कर रहा है। इसके अलावा मानसून के कारण खेतों में घास काफी बड़ी हो गई है, जिसके बीच भालू आसानी से छिप जाता है। गांव की महिलाओं को अपने मवेशियों के चारे के लिए हर दिन खेतों में घास काटने जाना पड़ता है, लेकिन घास में छिपे भालू के कारण वे खौफजदा हैं। इसी तरह, सुबह के समय स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और ड्यूटी पर जाने वाले सरकारी व निजी कर्मचारियों को भी रास्ते में भालू से सामना होने का डर सता रहा है।

वन विभाग से पिंजरा लगाकर भालू को पकड़ने की गुहार
भालू के बढ़ते आतंक को देखते हुए स्थानीय निवासी प्रकाश चंद, रवि कुमार, नंद लाल, अशोक कुमार, सुनील, सोनू और राकेश सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग डल्हौजी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि इससे पहले कि यह जंगली भालू किसी ग्रामीण, महिला या बच्चे को अपना शिकार बनाए या कोई बड़ा जानी नुक्सान हो, वन विभाग तुरंत पिंजरा लगाकर इसे पकड़े और किसी दूर घने जंगल में छोड़े। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay