धू-धू कर जला मकान, दुकान व गऊशाला भी राख

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2016 - 07:56 PM (IST)

चुवाड़ी: उपमंडल भटियात के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बनेट के गांव बनेट में आग लगने से एक मकान, गऊशाला तथा दुकान जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह 5 बजे कृष्ण चंद निवासी गांव बनेट के मकान में सुबह तड़के ही आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि मकान के साथ लगती गऊशाला व दुकान भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह से जलकर राख हो गईं। 

जानकारी के अनुसार सुबह के समय रोजाना की तरह स्थानीय ग्रामीण अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए उठे तो उन्होंने मकान से धुआं व आग की लपटें निकलती हुई देखीं जिस पर उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना कृष्ण चंद के बेटे केवल को दी। आस-पड़ोस के लोगों ने आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया परंतु आग पर काबू नहीं पाया जा सका। गनीमत यह रही किजब मकान में आग लगी तो उस समय घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। प्रभावित परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदारों के घर शादी समारोह में गए हुए थे। 

ग्राम पंचायत बनेट के प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि आग कैसे लगी, इसके बारे में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया। इस आग की घटना से प्रभावित परिवार का करीब 10 लाख का नुक्सान हुआ है। प्रभावित कृष्ण चंद अपने मकान के साथ एक छोटी सी करियाने व चाय की दुकान चलाता था जोकि आग की भेंट चढ़ गई। एस.डी.एम. भटियात अश्विनी सूद ने बताया कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की तरफ  से हरसंभव सहायता दी जाएगी और संबंधित हलका पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News