शाहपुर में बाली-ओंकार की मुलाकात, राजनीतिक गलियारों हलचल

Thursday, Jul 13, 2017 - 12:41 AM (IST)

धर्मशाला: मेजर विजय सिंह मनकोटिया के सी.एम. वीरभद्र सिंह के खिलाफ बगावती तेवर दिखाने के बाद राजनीति गलियारों में हलचल बढ़ गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ दिन पहले परिवहन मंत्री जी.एस. बाली व मेजर विजय सिंह मनकोटिया को रिज पर एक साथ चाय की चुस्कियां लेना राजनीति गलियारों को सुर्ख कर गया है। शाहपुर में कांग्रेस नेता के साथ परिवहन मंत्री और एक पूर्व मंत्री की अलग-अलग मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। बुधवार को पूर्व मंत्री पंडित शिव कुमार उपमन्यु की दिवंगत पत्नी विमला उपमन्यु की प्रथम बरसी के मौके पर परिवहन मंत्री, राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर, पूर्व मंत्री हरबंस राणा तथा पूर्व विधायक योगराज सहित कई राजनेता पहुंचे थे। परिवहन मंत्री जोकि पंडित शिव कुमार के समधि भी हैं, उन्होंने शाहपुर कांग्रेस नेता ओंकार सिंह राणा को अलग बुलाकर कुछ देर बात की। ओंकार राणा कभी मेजर के रणनीतिकारों में रहे हैं परंतु अब बदले राजनीतिक हालात में दोनों में दूरियां बनी हुई हैं। वहीं पूर्व परिवहन मंत्री केवल सिंह पठानिया ने भी ओंकार राणा से अलग बात की। इस मौके पर कुछ अन्य प्रतिष्ठित कांग्रेसी भी उपस्थित थे।