Himachal: देव छमाहूं की देववाणी : देव आदेश पर चलेंगे तो नहीं आने देंगे आंच, जैसा हिमाचल पहले था फिर वैसा बनाएंगे
punjabkesari.in Wednesday, Aug 27, 2025 - 09:50 PM (IST)

बालीचौकी (फरेंद्र): जैसा हिमाचल प्रदेश पहले था फिर वैसा बनाएंगे लेकिन लोगों को देव आदेशों का पालन करना होगा। यह देववाणी अधिष्ठाता देव खणी के छमाहूं ने बुधवार को बालीचौकी में अपने सेवक देव खरीडू के गूर गुलाब सिंह के माध्यम से की है। देवता ने देववाणी से कहा है कि अगर मानव देवी-देवताओं के निर्देशों पर चलेगा तो हम देवभूमि हिमाचल को आंच नहीं आने देंगे। वर्तमान में जो स्थिति है, उसका जिम्मेदार मानव है। देवता ने कहा कि बारिश को रोकना और करवाना देवताओं के लिए कोई बड़ी बात नहीं है, इसलिए मानव को समय रहते संभलने की जरूरत है।
देवता के करदार गोविंद राम ने बताया कि बुधवार को देव छमाहूं खणी और देव छमाहूं पल्दी अपने हारियानों के साथ धामण से अपने घर की तरफ प्रस्थान कर रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने अपने मन में देवता से अर्ज की, जिसे सुनते ही देवता अपने सेवक में खड़ा हुआ और उनकी मन्नत पूरी करने का वायदा भी किया और लोगों को देव आदेश को सख्ती से पालन करने के आदेश भी दिए। इस दौरान देवलू वाद्ययंत्रों की धुनों पर खूब नाचे और दोनों देवता एक-दूसरे के साथ मिलन कर अपने-अपने घर लौटे।
रैड अलर्ट के बीच मौसम साफ, लोगों ने देवताओं से लगाई थी गुहार
प्रदेश में भारी बारिश के रैड अलर्ट के बावजूद बुधवार को मौसम साफ रहा। बुधवार को मंडी जिले में धूप खिली रही और लोगों ने राहत की सांस भी ली। बता दें कि मंगलवार को मंडी और कुल्लू जिलों के सैंकड़ों लोग बारिश को रोकने के लिए अपने-अपने देवी-देवताओं के दरबार में पहुंचे थे और भजन-कीर्तन कर उन्हें प्रसन्न भी किया। इस दौरान देवताओं ने बारिश को रोकने का वायदा भी किया था।