Hamirpur: तारपीन से भड़की आग, पति-पत्नी झुलसे, एम्स रैफर

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 06:19 PM (IST)

बड़सर (सुभाष): बड़सर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है जहां आग सुलगाते समय हुए धमाके में एक दंपति गंभीर रूप से झुलस गया। घायलों की पहचान कुलवंत और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कुलवंत और उनकी पत्नी घर में आग जला रहे थे। आग को तेज करने के चक्कर में जैसे ही उन्होंने उसमें तारपीन डाला आग अचानक भड़क उठी।

देखते ही देखते पत्नी के कपड़ों में आग लग गई, पत्नी को जलता देख कुलवंत ने आग को बुझाने का प्रयास किया जिससे उनके हाथ भी बुरी तरह झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सिविल अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया और युवा नेता रूबल ठाकुर तथा व्यापार मंडल प्रधान राज कुमार सहित व्यापार मंडल के सदस्य अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का कुशलक्षेम जाना व परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस सन्दर्भ में बीएमओ बड़सर का कहना है कि पीड़ितों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News