स्त्री अभियान के तहत पांगणा में लगा जागरूकता शिविर, 100 महिलाओं ने लिया भाग

Wednesday, Dec 05, 2018 - 09:48 PM (IST)

करसोग (यशपाल): विकास खंड करसोग की पांगणा पंचायत में स्त्री अभियान के तहत एकदिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मंडी जिला प्रशासन व साक्षरता जन विकास समिति द्वारा चलाए जा रहे स्त्री अभियान के तहत पांगणा ग्राम पंचायत परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न महिला मंडलों की तकरीबन 100 महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। 

अभियान में 8 बिंदू प्रमुख तौर पर शामिल

वर्तमान समय में इस अभियान में 8 बिन्दुओं को प्रमुख तौर पर शामिल किया गया है। जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता ही सेवा, सबके लिए सामाजिक सुरक्षा, समर्थ मंडी (आपदा प्रबंधन), समग्र शिक्षा, क्योंकि जिन्दगी है आपकी, डिजिटल साक्षरता एवं समावेशी विकास पर प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। अच्छे कार्य करने वाले महिला समूहों को पुरस्कृत करने की व्यवस्था भी स्त्री अभियान में की गई है। स्त्री अभियान के संचालन में सभी पंचायतों के पंचायती राज प्रतिनिधियों, पाठशालाओं, महाविद्यालययों, स्वंय सहायता समूहों के साथ-साथ समिति के स्वच्छता दूतों की अहम भूमिका रहेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सामाजिक परिवर्तन लाना अभियान का मूल उद्देश्य

शिविर के दौरान महिलाओं को जागरूक करने के लिए खंड समाज शिक्षा अधिकारी महेश, सामेकित बाल विकास अधिकारी महेंद्र, पर्यवेक्षक वाग्रीराम, पंचायत प्रधान शांता शर्मा तथा मंडी साक्षरता जन विकास समिति के तिलक ने मुख्य भूमिका निभाई। शिविर के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने बताया कि महिला संगठनों की ऊर्जा को सकारात्मक सामाजिक बदलाव में लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक व्यापक अभियान की परियोजना तैयार की गई है तथा इस अभियान का नाम स्त्री रखा गया है। अभियान का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सामाजिक परिवर्तन लाना है।

Vijay