शिमला में तहबाजारियों के हौसले बुलंद, MC कर्मचारी पर हमला कर सिर फोड़ा

Sunday, Dec 09, 2018 - 10:04 PM (IST)

शिमला: राजधानी के लोअर बाजार सुरंग के पास तहबाजारियों ने एम.सी. के कर्मी पर डंडे से हमला कर दिया, जिसके कारण एम.सी. कर्मचारी जोगेंद्र के सिर पर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह मामला रविवार को सायं का है। बताया जा रहा है कि एम.सी. कर्मचारी जोगेंद्र अपने घर की तरफ जा रहा था, ऐसे में 3 के करीब तहबाजारी आए और सीधे ही जोगेंद्र के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया। जब आसपास में चल रहे लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा तो तुरंत मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। नगर निगम के कर्मचारी जोगेंद्र को पुलिस ने मैडीकल के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले गई, जहां पर कर्मचारी का मैडीकल करवाया गया और डाक्टरों द्वारा उपचार भी दिया गया।  बताया जा रहा है कि तहबाजारी पुलिस के मौके पर पहुंंचने से पहले ही भाग चुके थे, ऐसे में तहबाजारी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। पुलिस ने हमला करने वाले तहबाजारियों को ढंूढने के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हमला करने वाले तहबाजारियों को पकड़ लिया जाएगा।

तहबाजारियों को उठाने के लिए नगर निगम ने चला रखा है अभियान

बता दें कि लोअर बाजार में तहबाजारियों को उठाने को लेकर नगर निगम द्वारा अभियान चलाया हुआ है, ऐसे में रविवार को किसी भी तहबाजारी को लोअर बाजार में नहीं बैठने दिया जाता है। जब भी निगम के कर्मचारी लोअर बाजार का निरीक्षण करते हैं तो तहबाजारियों के साथ उनकी कहासुनी हो जाती है। तहबाजारियों की निगम कर्मचारियों के साथ कहासुनी अब इस तरह से हो चुकी है कि वे एक-दूसरे पर हमला करने को तैयार हो गए हैं। बताया जा रहा है इसी रंजिश के चलते तहबाजारियों ने निगम के कर्मचारी पर हमला किया है। एक तरफ तहबाजारी सामान बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर निगम कर्मी भी उन्हें हटाने में कोई सावधानी नहीं बरत रहे हैं, ऐसे में तहबाजारी और निगम कर्मचारी की आपसी रंजिश कभी भी एक-दूसरे पर भारी पड़ सकती है।

क्या कहते हैं एम.सी. निरीक्षक अधिकारी

नगर निगम शिमला के निरीक्षक अधिकारी ओ.पी. ठाकुर ने बताया कि तहबाजारियों द्वारा हमारे कर्मचारियों पर आए दिन हमले किए जाते हैं। इसको लेकर कई बार पुलिस से सुरक्षा की मांग की जा चुकी है लेकिन आजतक पुलिस की कोई सुरक्षा नहीं मिल पाई है, ऐसे में तहबाजारियों के उठाने के लिए नगर निगम के कोई भी कर्मचारी बिना सुरक्षा के नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस सुरक्षा नहीं मिलती तब तक नगर निगम के कर्मचारी तहबाजारियों को नहीं उठाएंगे। उच्च न्यायालयों के आदेशों का पालन करते हुए एम.सी. के कर्मचारी इन तहबाजारियों को उठाते थे।

क्या बोले डी.एस.पी. शिमला

डी.एस.पी. शिमला प्रमोद शुक्ला ने बताया कि एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला पुलिस के ध्यान में आया है। कर्मचारी का मैडीकल करवाया जा रहा है। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। फिलहाज मामला दर्ज नहीं किया गया है। जो भी छानबीन के दौरान सामने आएगा उसके तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी अभी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं उस पर किस-किस ने हमला किया, इस बात को बताने मेें वह सक्षम नहीं हैं। जैसे ही कर्मचारी पुलिस को बयान देता है उसके बाद तुरंत मामला दर्ज किया जाएगा।

Vijay