धोखाधड़ी की शिकार महिला ने लिया बदला, सलाखों के पीछे पहुंचाए सहारनपुर के 3 ठग

Saturday, May 18, 2019 - 11:06 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (अमन): जोगिंद्रनगर के झलवान गांव की महिला अनीता देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह की सजगता से पुलिस के हाथ 3 ए.टी.एम. चोर लग गए हैं। जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए आरोपियों ने 25 अप्रैल को पठानकोट चौक पर स्थित ए.टी.एम. पर अनीता देवी के ए.टी.एम. कार्ड का क्लोन बना कर उसके खाते से 8500 रुपए उड़ा लिए थे। ठगी के बाद से ही आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अनीता देवी हमेशा ए.टी.एम. के आसपास नजर रखती थी। शनिवार दोपहर को ठगी की फिराक में ए.टी.एम. के पास डेरा डाले बैठे उक्त ठगों पर अनीता देवी की नजर पड़ गई तथा तीनों अब हवालात में पहुंच गए हैं। पुलिस ने उत्तर प्रदेश सहारनपुर के विनोद विहार निवासी मोनू पुत्र सुरेश कुमार, विजेंद्र पुत्र दिनेश कुमार व विजेंद्र कुमार पुत्र केहर सिंह को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

ऊना से धर्मशाला होते हुए जोगिंद्रनगर पहुंचे ठग

प्रदेश में एस.बी.आई. बैंक की सभी ए.टी.एम. मशीनें एडवांस ग्राफिक सिस्टम कंपनी द्वारा स्थापित की गई हैं। कंपनी ठगों की इस नई तकनीक से परेशानी में है। कंपनी के सहायक प्रबंधक सुनील ठाकुर ने बताया कि शनिवार को इन ठगों द्वारा ऊना से लेकर धर्मशाला से होते हुए जोगिंद्रनगर तक करीब एक दर्जन मशीनों पर ठगी का प्रयास किया गया। वह भी ठगों की टोह लेते हुए जोगिंद्रनगर की ओर ही आ रहे थे कि यहां पर ठग पुलिस के हाथ लग गए। ठग ऐसे कार्यों को अंजाम देने के लिए बैंक होलीडे का ही दिन चुनते हैं ताकि ठगी के शिकार शीघ्र पुलिस तक न पहुंच पाएं।

आरोपियों से की जा रही कड़ी पूछाताछ

सब इंस्पैक्टर जोगि द्रनगर केहर सिंह ने बताया कि 3 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है तथा उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि पहले हुए इस प्रकार की घटनाओं को भी उजागर किया जा सके। ए.टी.एम. में कार्ड धारकों की सजगता से ही ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सकता है।

Vijay