राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में भाग लेने मुंबई रवाना हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया

Wednesday, Jun 14, 2023 - 06:12 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में भाग लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बुधवार को शिमला से रवाना हुए। उन्होंने शिमला से रवाना होने के बाद चंडीगढ़ में पंजाब के विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों विधानसभा अध्यक्षों ने दोनों राज्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा की, जिसके बाद वे एक साथ मुंबई के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के सम्मेलन में भाग लेने के लिए वीरवार को रवाना होने की संभावना है। उनके साथ प्रदेश सरकार के कुछ मंत्री व 40 विधायक भी हिस्सा ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन का आयोजन महाराष्ट्र इंस्टीच्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी वल्र्ड पीस विश्वविद्यालय की तरफ से मुम्बई में 15 से 17 जून को किया जाना है। इस सम्मेलन में देशभर के करीब 3300 विधायक भाग ले रहे हैं।  

मुख्यमंत्रियों के लिए होगा अलग सत्र का आयोजन
राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में मुख्यमंत्रियों के लिए अलग सत्र का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्रियों को एक-दूसरे राज्यों की समस्याओं को जानने और एक-दूसरे राज्य से जुड़े विषयों का समाधान निकालने का अवसर भी मिलेगा। इसी तरह कैसे विधानपालिका को सशक्त किया जा सकता है, इस विषय को लेकर भी चर्चा होगी।

एक मंच पर आएंगे राज्य व केंद्र शासित प्रदेश के प्रतिनिधि
राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन के माध्यम से राज्य व केंद्र शासित प्रदेश के प्रतिनिधि एक मंच पर आएंगे। इस दौरान कई राज्यों का अलग समूह बनाकर भी चर्चा होगी। इन सत्रों का संचालन अलग-अलग राज्यों के पीठासीन अधिकारी करेंगे। सत्र के दौरान सदस्य सांस्कृतिक, सामाजिक, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर भी चर्चा करेंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay