PHC में महिला चिकित्सक से मारपीट, प्रदेश चिकित्सक अधिकारी संघ ने दी ये चेतावनी

Sunday, Jun 16, 2019 - 06:39 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): मंडी जिला के ब्लॉक जंजैहली के तहत अने वाली पी.एच.सी. थाची में एक व्यक्ति ने महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी की और भी मारपीट की, जिसके कारण महिला डॉक्टर को चोटें आईं और महिला डॉक्टर मानसिक रूप से सदमे में है। हि.प्र. चिकित्सक अधिकारी संघ मंडी यूनिट ने इस बात का कड़ा संज्ञान लेते हुए सरकार से आग्रह किया है कि दोषी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए अन्यथा 18 जून को मंडी जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओ.पी.डी. सेवाएं 2 घंटे के लिए स्थगित  की जाएंगी।

संघ के प्रधान डॉ. जितेंद्र रूड़की और महासचिव डॉ. विशाल जम्वाल समेत तमाम पदाधिकारियों ने चेताया है कि हिमाचल सबसे शांत प्रदेश है लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों के कारण अस्पतालों में काम करना असंभव हो गया है, जिससे अस्पतालों में इस तरह की घटनाएं घटित होना आम बात हो गई है। दूरदराज अस्पतालों में महिला चिकित्सकों को सेवाएं देना मश्किल हो गया है। रविवार को इस घटना के संदर्भ में संघ ने बैठक की और इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मामले में संलिप्त शख्स के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए और 24 घंटे खुले ऐसे अस्पतालों में सुरक्षा सुविधा मुहैया करवाई जाए।

संघ ने कहा कि प्रदेश के सभी चिकित्सक कोलकाता के चिकित्सकों की मांगों को पूरा न करने की सूरत में कंधे से कंधा मिलाकर एकजुट होकर खड़ा है और जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक प्रदेश के सभी चिकित्सक बाले बिल्ले लगाकर विरोध जताएंगे। संघ के प्रधान जितेंद्र रूड़की और महासचिव डॉ. विशाल जम्वाल ने कहा कि जब तक अस्पतालों में चिकित्सकों व स्टाफ की सुरक्षा के बारें में नहीं सोचा जाएगा। आने वाले समय में और भी भयंकर दुष्परिणाम देखने को मिलेंगे।

Vijay