आश्रय शर्मा बोले-भाजपा ने मेरे दादा सुखराम का किया इस्तेमाल

Tuesday, Mar 26, 2019 - 11:38 PM (IST)

मंडी: कांग्रेस में अपने दादा पंडित सुखराम के साथ घर वापसी करने वाले आश्रय शर्मा ने भाजपा नेताओं पर पलटवार किया है। आश्रय शर्मा ने कहा कि भाजपा ने पंडित सुखराम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि अगर पंडित सुखराम का कोई जनाधार नहीं है तो फिर विस चुनावों में उन्हें क्यों घुमाया गया। भाजपा नेता आशीर्वाद व मार्गदर्शन लेने घर पहुंचते रहे। अगर पंडित सुखराम का कोई आधार नहीं था तो फिर भाजपा पहली बार मंडी में कैसे 9 सीटें जीत गई।

मेरी सदस्यता नहीं है तो मेरे पिता को मंत्री कैसे बनाया

आश्रय शर्मा ने कहा कि मैंने दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली थी और अपने पिता अनिल शर्मा की भी सदस्यता करवाई थी। अगर मेरी सदस्यता नहीं है तो फिर मेरे पिता अनिल शर्मा भी भाजपा के कैसे सदस्य हुए और पार्टी ने उन्हें कैसे मंत्री बना दिया। उन्होंने कहा कि पहले पंडित सुखराम का पूरा इस्तेमाल किया गया और बाद में उन्हें ठुकरा दिया गया। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम मेरे लिए भाजपा संगठन में जिम्मेदारी मांगते रहे लेकिन हमें यह कह कर अपमानित किया गया कि पंडित सुखराम व आश्रय भाजपा के सदस्य ही नहीं हैं।

कांग्रेस में टिकट की शर्त पर वापसी नहीं 

उन्होंने कहा कि हमारी आत्मा आज भी कांग्रेस की है। शरीर बेशक भाजपा का कुछ समय के लिए हो गया था लेकिन जब पंडित सुखराम का मजाक बनाया गया और उन्हें अपमानित किया गया तो फिर हमने अपने घर में ही वापस आना सही समझा है। आश्रय ने कहा कि राहुल गांधी से टिकट को लेकर कोई बात नहीं हुई और न ही इस शर्त पर कांग्रेस में वापसी हुई है।

 

Vijay