आश्रय शर्मा ने लगाया आरोप, बोले-CM जयराम के गृहक्षेत्र सराज में BJP ने की बूथ कैप्चरिंग

Tuesday, May 21, 2019 - 03:15 PM (IST)

मंडी (नीरज): कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा ने सी.एम. जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज में भाजपा द्वारा बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इन लोकसभा चुनावों में सरकार ने सत्ता का दुरूपयोग किया और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इसमें सरकार का साथ दिया। उन्होंने कहा कि सराज में कांग्रेस के जो पोलिंग एजैंट थे, उनके गलत हस्ताक्षरों वाली लिस्ट भेजी गई, जिस कारण पोलिंग एजैंट को पोलिंग बूथ में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी को दूरभाष पर इसकी जानकारी देने के बाद त्वरित कार्यवाही नहीं हुई और जब कार्यवाही हुई तब तक अधिकतर मतदान हो चुका था।

भाजपा ने चुनावों में किया धनबल का इस्तेमाल

उनका यह भी आरोप है कि चुनावों में भाजपा ने धनबल का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता को तरह-तरह के प्रलोभन दिए। वहीं सराज में पैरामिलिट्री फोर्स न तैनात करके पुलिस और होमगार्ड के ही जवानों को तैनात किया गया जोकि अपने आप में सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।

चुनाव आयोग से करने जा रहे हैं शिकायत

उन्होंने कहा कि शाम 6 बजे के बाद भी अधिकतर स्थानों पर मतदान चल रहा था और दूसरी तरफ एक्जिट पोल जारी कर दिया गया। इससे भी मतदान पर काफी विपरित असर पड़ा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में वह एक शिकायत चुनाव आयोग से करने जा रहे हैं ताकि इस पर कार्यवाही हो और कड़ा संज्ञान लिया जा सके। इस मौके पर उनके साथ पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल ठाकुर, मिल्क फैडरेशन के पूर्व चेयरमैन चेत राम ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस पर्यवेक्षक राजीव गंभीर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव संजीव गुलेरिया सहित अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।

Vijay