ईजी मनी के चक्कर में हैरोइन का सप्लायर बन गया सेना का जवान

punjabkesari.in Wednesday, Jan 06, 2021 - 09:01 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): सेना का एक जवान भी हैरोइन का सप्लायर पाया गया है। ईजी मनी ने सैन्य जवान को गोरखधंधे में धकेला। पुलिस ने बीते रोज गुड़गांव हरियाणा के 2 व्यक्तियों को 69 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों से जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो एक आरोपी संदीप कुमार राठी सेना का जवान निकला। यह आरोपी 2014 में सेना में भर्ती हुआ था। सेना में रहने के बाद कुछ समय के उपरांत यह प्रशिक्षण के दौरान भाग गया और आज तक वापस नहीं लौटा। आरोपी ने खुलासा किया है कि वह सेना की नौकरी से भागकर नशे का कारोबार करता रहा। अब आरोपी कुल्लू में अपने साथी के साथ हैरोइन की खेप के साथ पकड़ा गया है।

पुलिस ने पहले एक युवक और युवती को हैरोइन की खेप के साथ पकड़ा था। ये दोनों पुलिस की सख्ती से उखड़े और गुडग़ांव से खेप लेकर आए उक्त दोनों आरोपियों के नामों का पुलिस के सामने खुलासा कर डाला। इस खुलासे के बाद संदीप कुमार राठी और उसका साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इन दोनों की कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। राठी 2014 में एसआईजीएस जबलपुर में भर्ती हुआ था और प्रशिक्षण के दौरान भाग गया तथा आज तक नौकरी पर वापस नहीं लौटा। कुल्लू पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है। इस पूरे प्रकरण से कई सवाल भी उठ खड़े हुए हैं।

लोग चर्चा कर रहे हैं कि आखिर आरोपी ने सेना में नौकरी छोड़कर नशे का गोरखधंधा क्यों चुना। नशे के कारोबार में क्या अधिक पैसा है इसलिए आरोपी ने नौकरी छोड़कर फरार होना जरूरी समझा। पुलिस भी आरोपी से बारीकी से पूछताछ कर रही है। किस सरगना से ये नशे की खेप लाते हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। वहीं एसपी गौरव सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह आरोपी सेना में था और वहां से भाग गया। उन्होंने कहा कि नशे के गोरखधंधे से जुड़े लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News