अनुराग बोले- देश के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस आज कर रही है न्याय की बात (Video)

Monday, May 13, 2019 - 04:54 PM (IST)

मंडी (नीरज): हमीरपुर से भाजपा सांसद एवं प्रत्याशी अनुराग ठाकुर का कहना है कि जिस कांग्रेस पार्टी ने 50 वर्षों तक देश की जनता के साथ अन्याय किया। आज वही कांग्रेस न्याय देने की बात कह रही है। कांग्रेस पार्टी ने देश की सेना और सिक्खों का अपमान किया है जिसे देशवासी किसी भी सूरत में बर्दाशत नहीं करेंगे। ठाकुर ने मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब एक दर्जन नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और अपने लिए वोट मांगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। मीडिया कर्मियों से बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश भर में महंगाई कम हुई है और भ्रष्टाचार का खात्मा हो रहा है। ऐसे में देश की जनता एक बार फिर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने जा रही है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश भर में सबसे कम सीटों पर लोकसभा का चुनाव लड़कर सत्ता में आने की सोच रही है जबकि उनका यह सपना पूरा नहीं होगा। इस मौके पर आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र हर बार भाजपा को बढ़त दिलाने में अव्वल रहा है और इस बार भी अव्वल रहेगा। उन्होंने कहा कि सांसद के नाते ठाकुर ने पूरे संसदीय क्षेत्र में एक समान दृष्टि से काम किया है और राज्य की भाजपा सरकार ने भी यहां विकास की नई अलख जगाई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दम पर जनता के बीच जा रहे हैं और एक बार फिर अनुराग ठाकुर को भारी मतों से चुनकर संसद में भेजा जाएगा।



 

Ekta