अनुराग बोले-कांग्रेस की नीति और नीयत पर जनता को भरोसा नहीं

punjabkesari.in Saturday, Dec 02, 2017 - 01:36 AM (IST)

धर्मशाला: हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने यू.पी. निकाय चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे जनता के बीच केंद्र और राज्य में मौजूद भाजपा सरकार की नीतियों की जीत बताया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यू.पी. निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत भाजपा सरकार के कामकाज और नीतियों पर विजयी मुहर है। जी.एस.टी. लागू होने के बाद विरोधी दलों ने जिस तरह से इसको लेकर दुष्प्रचार कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। लोगों ने उसी तरह इसे सिरे से खारिज करते हुए भाजपा की नीतियों में भरोसा जताकर उनकी बोलती बंद करने का काम किया है। कांग्रेस जहां शहरों में भाजपा के बाद दूसरे नम्बर की पार्टी हुआ करती थी आज वह खिसक कर चौथे नम्बर पर आ गई है। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस की नीति और नीयत में जनता को भरोसा नहीं है और आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों में भी इनका यही हश्र होने वाला है।

जी.एस.टी. और नोटबंदी के मोर्चे पर जनता ने दिया पूरा समर्थन 
उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. और नोटबंदी के मोर्चे पर मोदी सरकार को जनता ने पूरा समर्थन दिया और नोटबंदी के बाद हुए हर चुनाव में कांग्रेस का सफाया कर भाजपा को सिर-आंखों पर रखा। नोटबंदी के बाद भाजपा ने चंडीगढ़, दिल्ली व उत्तर प्रदेश सहित कई चुनाव लड़े और हर चुनाव में कांग्रेस ने नोटबंदी और काला धन को लेकर ऐसे ही अनाप-शनाप बयानबाजी की, मगर इसके बदले सिर्फ उन्हें हार ही नसीब हुई और अब जी.एस.टी. लागू होने के बाद यू.पी. निकाय चुनावों में भाजपा की जीत ने साबित कर दिया है कि जनता मोदी सरकार के साथ है और आने वाले चुनावों में भी वह शहर-शहर जहर का जवाब, शहर-शहर भाजपा की लहर से देने के लिए तैयार बैठी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News