हिमाचल में मनाई इंदिरा गांधी की जयंती, भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि (Video)

Tuesday, Nov 19, 2019 - 04:51 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती मंगलवार को देशभर में मनाई जा रही है। पहाड़ पर भी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद किया जा रहा है और जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। शिमला के रिज मैदान पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा शिमला नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर, जिलाधीश शिमला, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष सहित स्कूली बच्चों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

इंदिरा गांधी ने पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित किया

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर उन्हें याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित किया और अंत में जीवन का भी बलिदान दिया। अपने कार्यकाल में उन्होंने अच्छे कार्य किए हैं और लंबे समय तक देश का नेतृत्व किया है। उनके कार्य को हमेशा याद रखा जाएगा और आज इस मौके पर उनके योगदान और उनके बलिदान को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई है।

कांग्रेस मुख्यालय में रठौर सहित कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

वहीं शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश के लिए दिए गए उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर राठौर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा ने देशहित के लिए जो कार्य किए हैं उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का देश की अखंडता और एकता के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने बैंको का राष्ट्रीयकरण किया और किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त करवाया। 1971 में पाकिस्तान को शिकस्त दी, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि ऐसी महान शख्सियत से हम सबको प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

Vijay