मुंबई में हुई अंकुश भारद्वाज की आंख की सफल सर्जरी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 30, 2019 - 12:43 PM (IST)

कुमारसैन (सोनी): मुंबई के ओजस हॉस्पिटल बांद्रा में इंडियन आइडल स्टार अंकुश भारद्वाज की बाईं आंख की सफल सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद अंकुश के डॉक्टर ने अंकुश को अभी आराम करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि भारद्वाज आंखों की एक विचित्र बीमारी से पिछले काफी समय से जूझ रहे हैं, जिसे डॉक्टरी भाषा में केराटॉकोनस कहा जाता है। इस बीमारी में धीरे-धीरे आंखों की रोशनी कम होती जाती है। मुम्बई के प्रसिद्ध चिकित्सक डा. नितिन द्वारा अंकुश भारद्वाज की 2 सर्जरी लैफ्ट आंख में की गई है। 

डा. नितिन द्वारा अभी अंकुश को आराम करने की सलाह दी गई है। अंकुश भारद्वाज ने डा. नितिन, इंडियन आइडल एवं सोनी टी.वी. व उनके लाखों समर्थकों व चाहने वालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी लोगों के प्यार और दुआओं से मेरी आंखों की सर्जरी सफल हुई है। अंकुश ने कहा है कि कुछ समय के आराम के बाद वह एक बार फिर से अपने दर्शकों को टी.वी. स्क्रीन पर दिखेंगे और अपनी कुछ नई प्रस्तुतियों के साथ आएंगे। 

उधर, उनकी आंखों की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी होने से अंकुश के माता-पिता और उनके परिजनों सहित पूरे कोटगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में मुंबई से अंकुश के पिता सुरेश भारद्वाज ने कहा कि अंकुश की आंख की सर्जरी की सफलता के पीछे उनके डाक्टर की कड़ी मेहनत, उनके आराध्य देवों का आशीर्वाद, सोनी टी.वी. और अंकुश के प्रशंसकों की दुआओं का असर है, जिसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News