BJP की आभार रैली में बिन बुलाए मेहमान की तरह पहुंचे अनिल शर्मा, कुर्सी न मिलने पर लौटे घर

Wednesday, Jun 05, 2019 - 06:15 PM (IST)

मंडी (नीरज): लोकसभा चुनावों के दौरान सरकार से इस्तीफा देने के बाद बुधवार को अनिल शर्मा भाजपा की आभार रैली में बिन बुलाए मेहमान की तरह पहुंच गए। मंच पर पहुंचे अनिल शर्मा को जब बैठने के लिए कहीं जगह नहीं मिली तो फिर उन्हें वापस अपने घर लौटना पड़ा लेकिन इससे पहले उन्होंने पुलघराट के पास सी.एम. जयराम ठाकुर का स्वागत किया।

विधायक होने के नाते गए थे सी.एम. का स्वागत करने

खुद अनिल शर्मा ने बताया कि वह भाजपा की रैली में गए थे लेकिन मंच पर जगह न मिलने के कारण वापस घर लौट आए। अनिल शर्मा ने कहा कि स्थानीय विधायक होने के नाते वह सी.एम. का स्वागत करने के लिए गए थे। अभी वह भाजपा के विधायक हैं और यह सरकार व संगठन को ही तय करना है कि उनके बारे में क्या निर्णय लेना है लेकिन अभी वह पार्टी के विधायक हैं और इसी नाते वह पार्टी के कार्यक्रम में गए थे।

अनिल शर्मा से हुई छोटी सी मुलाकात : जयराम

वहीं सी.एम. ने भी बताया कि अनिल शर्मा और उनकी छोटी सी मुलाकात हुई है लेकिन इस मुलाकात में कोई बात नहीं हुई है। दोनों ने हाथ जोड़कर एक-दूसरे का अभिवादन किया। सी.एम. ने कहा कि अभी अनिल शर्मा भाजपा के विधायक हैं और उस नाते ही वह पार्टी के कार्यक्रम में आए होंगे। उन्होंने कहा कि अगर चुनावों में उन्होंने पार्टी के लिए काम किया होता तो आज परिस्थितियां विपरित होती। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा के बारे में क्या निर्णय लेना है, यह भविष्य में तय किया जाएगा।

पार्टी की तरफ से अभी तक नहीं हुई कोई कार्रवाई

बता दें कि अनिल शर्मा के बेटे आश्रय शर्मा ने मंडी सीट से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा। इस कारण ही अनिल शर्मा की सरकार के साथ अनबन हो गई और उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि अभी तक वह भाजपा के विधायक हैं जबकि पार्टी की तरफ से उनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाही नहीं की गई है।

Vijay