चुनावों में रंग बदलती राजनीति के चलते कूड़ेदानों से हटाया गया अनिल शर्मा का नाम

Saturday, May 11, 2019 - 11:23 AM (IST)

मंडी( नीरज) : लोकसभा चुनावों में रंग बदलती राजनीति के चलते अब मंडी में कांग्रेस प्रत्याशी के पिता और सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा के नाम से लगे कूड़ेदानों पर से उनका नाम मिटाया जा रहा है। बता दें कि पूरे हिमचल प्रदेश में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में कूडेदान लगाए गए हैं। इन कूड़ेदानों पर भाजपा के मंत्रियों और विधायकों के नाम छापे गए हैं। लेकिन मंडी में हुए बड़े राजनीतिक बदलाव के चलते अब सदर विधानसभा में लगाये गए कूड़ेदानों पर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा के नाम को हटाया जा रहा है।

क्योंकि सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने पुत्र व पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। जिसके चलते अनिल शर्मा के नाम इन कूड़ेदानों से हटाए जा रहे हैं। बीते रोज मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा थी और इसके चलते यहां पर भी लगाए गए कूड़ेदानों से भाजपा विधायक के नाम को मिटाया गया है। अब देखने वाली बात होगी कि इस तरह की राजनीति के आने वाले समय में क्या परिणाम देखने को मिलेंगे।

हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय के पिता अनिल शर्मा ने भाजपा के मंत्री मंडल से त्यागपत्र दे दिया है लेकिन अभी उन्होंने भाजपा नहीं छोड़ी है। अनिल शर्मा खुले तौर पर किसी भी दल के लिए प्रचार नहीं कर रहे लेकिन कुछ दिन पूर्व मंडी से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप भी अनिल पर पर्दे के पीछे अपने बेटे के लिए गुपचुप तरीके से प्रचार करने का आरोप लगा चुके हैं। जबकि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी अभी तक अनिल शर्मा के बारे में कोई भी फैसला लेने के मूड में दिखाई नहीं दे रहा है। सूत्रों की माने तो लोकसभा चुनावों के ठीक बाद भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर भाजपा आलाकमान कोई फैसला जरूर ले सकता है।

kirti