BJP से निकाले जाने पर अनिल शर्मा ने कही ये बात (Watch Video)

Wednesday, Aug 14, 2019 - 08:11 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): सदर मंडी के विधायक अनिल शर्मा का कहना है कि उनके कार्यकर्ता जो चाहेंगे वही होगा। अगर कार्यकर्ता चाहेंगे कि वह राजनीति में रहें तो रहेंगे अन्यथा साइड हो जाएंगे। भाजपा से निष्कासन के बाद अनिल शर्मा ने मंडी में मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अगर उनके निष्कासन की बात कह रहे हैं तो पार्टी ने यह निर्णय लिया होगा लेकिन उन्हें अभी तक पार्टी की तरफ से ऐसी कोई जानकरी नहीं मिली है।

...तो राजनीति सेपीछे हटने को भी रहेंगे तैयार

दोबारा कांग्रेस में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अनिल शर्मा ने कहा कि उनके समर्थक और कार्यकर्ता जो भी तय करेंगे वह उसका सम्मान करेंगे। यदि कार्यकर्ता चाहेंगे कि भविष्य में वह राजनीति न करें तो वह पीछे हटने को भी तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं आज जो कुछ भी हूं सदर की जनता की बदौलत हूं, ऐसे में अब मैं सदर के विधायक के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करूंगा।

सीएम जयराम ठाकुर का जताया आभार

उन्होंने एक मंत्री के रूप में सरकार की तरफ से मिले सहयोग के लिए सीएम जयराम ठाकुर का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि सी.एम. जयराम ठाकुर ने मंत्री के नाते उनके क्षेत्र में विकास करवाने का जो प्रयास किया, उसके लिए वह उनके आभारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून सत्र के दौरान अब वह अलग से बैठकर अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाएंगे और उनका समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।

भाजपा ने अपनी मंशा साफ जाहिर कर दी : आश्रय

अनिल शर्मा के पुत्र आश्रय शर्मा ने भाजपा के इस निर्णय की निंदा की है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने कभी भाजपा के खिलाफ या उनके पक्ष में काम नहीं किया। भाजपा के नेता चुनावों के दौरान से ही उनके पिता का निरादर करते आ रहे थे। यही कारण है कि अब उन्हें पार्टी से निकाला गया है। आश्रय शर्मा ने कहा कि भाजपा ने ऐसा करके अपनी मंशा साफ जाहिर कर दी है कि उसकी कथनी और करनी में अंतर है।

Vijay