BJP ने अनिल शर्मा को किया पार्टी से बाहर, अब विधानसभा में रहेगी ये भूमिका

Tuesday, Aug 13, 2019 - 11:23 PM (IST)

शिमला: भाजपा ने पूर्व मंत्री एवं मंडी से विधायक अनिल शर्मा को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। अब वह भाजपा के सदस्य नहीं रहेंगे। भाजपा से उनकी सदस्यता रद्द होने के बाद अब अनिल शर्मा विधानसभा में अन अटैच मैंबर की भूमिका में नजर आएंगे। इससे पहले भाजपा सरकार में पहले उनकी भूमिका ऊर्जा मंत्री की थी तथा अब अन अटैच मैंबर के तौर विधानसभा में नजर आएंगे। भाजपा की तरफ से यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनिल शर्मा के अलावा उनके परिवार का कोई भी सदस्य पार्टी में नहीं रहेगा।

बेटे के कांग्रस से चुनाव लड़ने पर छोड़ा था मंत्री पद

उल्लेखनीय है कि अनिल शर्मा पूर्व कांग्रेस सरकार में भी मंत्री थे तथा अंतिम समय में उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद वह पार्टी टिकट पर मंडी से चुनाव जीते तथा जयराम ठाकुर के नेतृत्व में ऊर्जा मंत्री बने। लोकसभा चुनाव में जब उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम ने अपने पौत्र एवं अनिल शर्मा के बेटे आश्रय शर्मा के लिए टिकट मांगा तो भाजपा ने इससे इंकार कर दिया। इसके बाद पंडित सुखराम कांग्रेस आलाकमान के पास पहुंच गए और पोते आश्रय शर्मा को मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस टिकट दिलाया। इसके चलते अनिल शर्मा को ऊर्जा मंत्री के पद से त्यागपत्र देना पड़ा। उन्होंने इस दौरान न तो भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के लिए प्रचार किया और न ही कांग्रेस पार्टी के लिए खुलकर सामने आए। उन्होंने मंडी में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भी हिस्सा नहीं लिया और न ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के किसी कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा ने इसे अनुशासनहीनता माना तथा इसके लिए कमेटी का गठन करके रिपोर्ट तलब की।

वीडियो फुटेज बनी कार्रवाई का आधार

सूत्रों के अनुसार भाजपा के हाथ एक वीडियो फुटेज के अलावा कुछ अन्य दस्तावेज लगे हैं, जिसमें अनिल शर्मा लोकसभा चुनाव के दौरान अपने बेटे आश्रय शर्मा के पक्ष में प्रचार करते दिखाए गए हैं, ऐसे में पार्टी का दावा है कि उनको पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई है।

विधानसभा के बने रहेंगे सदस्य

अनिल शर्मा को भाजपा से निष्कासित करने के बाद वह विधायक बने रहेंगे तथा विधानसभा में अन अटैच सदस्य की भूमिका में नजर आएंगे। विधानसभा में उनके बैठने की जगह भी अलग रहेगी। जानकारी के अनुसार भाजपा ने फिलहाल कानूनी पचड़े में पडऩे की बजाय उनकी सदस्यता को लेकर किसी तरह की चुनौती नहीं दी है यानी उनको सिर्फ पार्टी से बाहर किया गया है।

मैंने सरकारी आवास छोड़ा, निष्कासन की जानकारी नहीं : अनिल शर्मा

पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिल शर्मा ने संपर्क करने पर बताया कि भाजपा से उनको निष्कासित करने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद छोडऩे के बाद सरकारी आवास भी छोड़ दिया था। अब तक उनको विधायक का आवास भी आबंटित नहीं हुआ है।

पार्टी की सदस्यता से निष्कासित किया गया : सत्ती

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने संपर्क करने पर बताया कि अनिल शर्मा और उनके परिवार का कोई भी सदस्य अब भाजपा का सदस्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा को पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।

Vijay