Hamirpur: आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता और सहायिका के 12 पदों पर होगी भर्ती, 28 सितम्बर तक करें आवेदन
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 05:59 PM (IST)
टौणीदेवी/हमीरपुर(राजीव): बाल विकास परियोजना टौणीदेवी के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं क्रैच सैंटर में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 12 पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 28 सितम्बर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय टौणी देवी में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सीडीपीओ संतोष कौंडल ने बताया कि ग्राम पंचायत टपरे के आंगनबाड़ी केंद्र गब्बा और ग्राम पंचायत भटेड़ के आंगनवाड़ी केंद्र बंदरोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाना है। कंजयाण पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र ढो-1, चंबोह पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र चंबोह-2, उहल पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र उहल, कक्कड़ पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र कक्कड़, स्वाहल पंचायत के उसली, कोट लांगसा पंचायत के करियाली, गवारडू पंचायत के गवारडू-1, कक्कड़ पंचायत के कक्कड़ नुघाल और नगर निगम हमीरपुर के वार्ड-13 बरोहा के आंगनबाड़ी केंद्र बोहणी-2 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा। इनके अलावा एनआईटी के निकटवर्ती आंगनबाड़ी केंद्र ब्राह्मणी में क्रैच सहायिका का एक पद भरा जाना है।
सीडीपीओ ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपए से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।
कार्यकर्ता के पद हेतु यदि कोई कार्यरत आंगनबाड़ी सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तथा क्रैच सहायिका के लिए 10वीं पास रखी गई है। क्रैच सहायिका की नियुक्ति मिशन शक्ति योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार को-टर्मिनस आधार पर की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

