अनुबंध चिकित्सकों के मानदेय में होगी 10 हजार की बढ़ौतरी

Sunday, Nov 25, 2018 - 10:14 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): राज्य में अनुबंध पर सेवाएं देने वाले चिकित्सकों के मानदेय में 10 हजार रुपए मासिक की बढ़ौतरी होगी। इससे एम.बी.बी.एस. और पी.जी. दोनों श्रेणियों के चिकित्सकों को लाभ होगा। इस मामले पर मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी, जिसके बाद मानदेय में बढ़ौतरी पर मोहर लगेगी। सरकार ने यह निर्णय चिकित्सकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से लिया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में चिकित्सकों की कमी है। इसका एक कारण तदर्थ व अनुबंध आधार पर भर्ती प्रक्रिया को शुरू करना है। अनुबंध पर वेतन कम मिलने के कारण प्रदेश से चिकित्सक पलायन कर रहे हैं। 

अनुबंध पर होगी 200 चिकित्सकों और 732 नर्सों की भर्ती

चिकित्सकों के पलायन करने का एक अन्य कारण ठोस तबादला नीति की कमी होना है, जिससे उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके विपरीत निजी अस्पतालों वाले अधिक वेतन भी दे रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने बताया कि राज्य सरकार अनुबंध पर सेवाएं देने वाले चिकित्सकों के मानदेय में बढ़ौतरी करने पर विचार कर रही है। इसके तहत एम.बी.बी.एस. और पी.जी. श्रेणी के चिकित्सकों का मानदेय 10 हजार रुपए मासिक तक बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अनुबंध पर 6 विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती भी की जा रही है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से अनुबंध पर 200 चिकित्सकों और 732 नर्सों की भर्ती होगी। 

पैरा मैडीकल स्टाफ भर्ती प्रक्रिया को भी आगे बढ़ा रही सरकार

नर्सों की 50 फीसदी भर्ती बैच के आधार तथा शेष 50 फीसदी सीधी भर्ती से होगी। इसके अलावा सरकार पैरा मैडीकल स्टाफ भर्ती प्रक्रिया को भी आगे बढ़ा रही है। उधर, हिमाचल प्रदेश मैडीकल अधिकारी संघ के अध्यक्ष डा. जीवानंद चौहान का कहना है कि चिकित्सकों का मानदेय बढ़ाने तथा अनुबंध पर लगने वालों को नियमित चिकित्सकों के समान रनिंग वेतन दिए जाने की मांग संघ लगातार उठा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की तरफ से अनुबंध चिकित्सकों के वेतन में बढ़ौतरी करने के फैसले का स्वागत किया है।

Ekta