15 मार्च तक स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत खरीदी जाएगी मॉडल एम्बुलैंस

Friday, Jan 25, 2019 - 11:14 AM (IST)

शिमला (वंदना): स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत कंपनी 15 मार्च तक शहर के अस्पतालों के लिए मॉडल एम्बुलैंस खरीदेगी ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके। वीरवार को स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के एम.डी-कम-सी.ई.ओ. पंकज राय ने प्रोजैक्ट की रिव्यू बैठक की। इस दौरान 15 मार्च तक 3 प्रोजैक्टों को पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके तहत कंपनी शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गारबेज डंपर, टिप्पर इत्यादि खरीदेगी, साथ ही शहर में ई-टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा। सी.ई.ओ. पंकज राय ने कहा कि कंपनी जल्द ही छोटे-बड़े इन प्रोजैक्टों को पूरा करेगी।

इसके अलावा 15 फरवरी तक पी.एम.सी. की तैनाती भी कर दी जाएगी। कंपनी ने इसके लिए 4 कंसल्टैड कंपनियों को शॉर्ट लिस्ट किया है लेकिन इनमें से किसी एक कंपनी को स्मार्ट सिटी का काम सौंपा जाएगा, ऐसे में अंतिम स्वीकृति के लिए मामला सरकार को भेज दिया गया है। शिमला को स्मार्ट शहर बनाने के लिए 2905.97 करोड़ रुपए का प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत शिमला को स्मार्ट बनाया जाएगा। इसके तहत आम जनता को तमाम वे सुविधाएं मिलेंगी जोकि एक स्मार्ट शहर में होती हैं। बैठक में स्मार्ट सिटी कंपनी के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
 

Ekta