Una: मैड़ी में नाबालिगा से अश्लील हरकतें व मारपीट, आरोपियों की गिरफ्तारी को छापेमारी जारी
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 05:51 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): थाना अम्ब के तहत मैड़ी होली मेले में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित अश्लील हरकतें व मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी शिव निवासी शिहाटा, जिला अमृतसर (पंजाब) तथा पीड़िता की माता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह पंजाब के एक गांव की रहने वाली है और 7वीं कक्षा में पढ़ती है।
23 फरवरी को वह अपनी माता व गांव की संगत के साथ डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी में माथा टेकने आई थी। सभी लोग एक धार्मिक स्थल के पीछे लगे टैंटों में ठहरे हुए थे। पीड़िता के अनुसार उसकी माता अलग टैंट में ठहरी हुई थी, जहां आरोपी व्यक्ति भी मौजूद था, जिसे उसकी माता पहले से जानती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 27 फरवरी की रात करीब 1 बजे उसकी माता उसे यह कहकर टैंट से बाहर ले गई कि उसे बाथरूम जाना है।
उसके बाद वह उसे टैंट से कुछ दूरी पर झाड़ियों व कुएं के पास ले गई, जहां आरोपी पहले से खड़ा था और नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। आरोप है कि उसने उसे जबरन अपनी ओर खींचकर झाड़ियों में ले जाकर अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उसने थप्पड़ मारे तथा हाथ में पहने कड़े से सिर पर वार किया, जिससे उसे चोटें आईं हैं। धक्का देने से वह जमीन पर गिर गई, जिससे उसकी पीठ व कमर में भी चोट लगी है।
पीड़िता ने संगीन आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसकी माता भी मौके पर मौजूद थी। वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर टैंट में पहुंची और वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। बाद में जब संगत के लोगों ने उसकी माता से पूछताछ करनी चाही तो वह वहां से चली गई। उसके बाद संगत के लोगों ने पीड़िता के पिता को सूचना दी।
पुलिस मेला अधिकारी एवं एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता का मैडीकल करवाया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 तथा पोक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित स्थलों पर छापेमारी की जा रही है।

