Una: चलती बाइक से बांधे सामान में लगी आग, पुलिस सतर्कता से टला बड़ा हदसा
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 07:28 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब में बुधवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया जब एक फेरी वाले की बाइक में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि हाईवे ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एक फेरी वाला बाइक पर प्लास्टिक का सामान बांधकर ऊना से अम्ब की ओर आ रहा था।
इस दौरान नंदपुर के पास स्थानीय लोगों ने देखा कि बाइक के पीछे बंधे प्लास्टिक के सामान में आग लगी हुई है। उधर, पक्का परोह में सड़क किनारे पैट्रोलिंग पर मौजूद हाईवे ट्रैफिक पुलिस की टीम ने भी बाइक के पीछे धुआं और आग की लपटें देखीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और अपनी गाड़ी मोड़कर बाइक के पीछे लग गई।
पुलिस ने हूटर बजाकर चालक को सतर्क करने का प्रयास किया, लेकिन पीछे लगी आग से अनजान चालक पुलिस की गाड़ी देखकर बाइक को और तेज गति से दौड़ाता रहा। स्थिति को भांपते हुए पुलिस टीम ने अम्ब के प्रताप नगर के पास बाइक को ओवरटेक कर उसे सुरक्षित तरीके से रुकवाया। उसके बाद पुलिस कर्मियों ने तत्काल चालक को सुरक्षित स्थान पर किया और जल रहे प्लास्टिक के सामान को बाइक से अलग कर दूर फैंक दिया, जिससे आग फैलने से पहले ही बुझा दी गई।
बताया जा रहा है कि बाइक के साइलैंसर के अत्यधिक गर्म होने के कारण प्लास्टिक के सामान ने आग पकड़ ली थी। कई किलोमीटर तक जलता हुआ प्लास्टिक सड़क पर गिरता रहा, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हाईवे ट्रैफिक पुलिस की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है। यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती तो आग फैलकर बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी और जानमाल का नुक्सान हो सकता था।

