40 वर्षों से रावण के किरदार को कर रहे जीवंत अमरेश शिव महाजन

punjabkesari.in Saturday, Oct 20, 2018 - 10:55 AM (IST)

चम्बा : जिंदगी का एक अर्सा रावण के पाठ में गुजार दिया, लेकिन इस बार भी 66 वर्ष की आयु में रावण के किरदार को उसी जोश के साथ अमरेश शिव महाजन ने निभाया, जैसे आज से वह 40 वर्ष पहले निभाते थे। वही जोश व जुनून आज भी उम्र के इस दौर में मौजूद है। बकौल अमरेश शिव महाजन के अनुसार जब भी वह पाठ करने लगते हैं तो न चाहे वह कौन सी अदृश्य शक्ति उनके भीतर आ जाती है कि उम्र का बोझ एकदम से कहीं गायब हो जाता है। 16 वर्ष की आयु में श्री रामलीला क्लब से जुड़कर अब तक रामायण के करीब आधा दर्जन किरदारों को अमरेश शिव महाजन निभा चुके हैं। उनका कहना है कि अपने इस दायित्व को निभाने के लिए वह अक्सर अपने रिश्तेदारों के शादी समारोह में जाने से इंकार कर देते हैं।

उन्होंने 2 वर्ष पूर्व बीते अपने साथ एक वाकया के बारे में बताया कि उनकी पत्नी एक दुर्घटना में घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए पठानकोट में भर्ती करवाया गया। पत्नी को भर्ती करवाने के बाद वह हर दिन शाम को चम्बा पहुंच कर अपने किरदार को निभाते और आधी रात को फिर पठानकोट लौट जाते। यह सिलसिला पूरे नवरात्रों के दौरान जारी रहा। उन्होंने कहा कि नवरात्रों के दौरान वह दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न चले जाएं, लेकिन शाम को हर हालत में चम्बा पहुंच जाते हैं, भले ही दूसरे दिन फिर से उन्हें जाना पड़े। अमरेश शिव महाजन की दमदार आवाज के साथ उनका दमदार अभिनय लोगों को बेहद पसंद आता है।

यही वजह है कि पिछले 40 वर्षों से वह लगातार रावण के चरित्र को निभाते चले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें यह लगता है कि अब की बार वह अपने चरित्र को नहीं निभा पाएंगे, लेकिन नवरात्रों के आते ही वह पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं। वह इसे अपने लिए भगवान राम का आशीर्वाद मानते हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News