बीमारियों के साथ-साथ दूर होगी पैसों की चिंता, नेक टी प्लेजन के बाद अब हैपेरिन इंजैक्शन भी नि:शुल्क

Friday, Dec 13, 2019 - 01:03 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): आई.जी.एम.सी. में सरकार ने नेक टी प्लेजन के साथ अब हैपेरिन इंजैक्शन भी नि:शुल्क कर दिया है। बाजार में नेक टी प्लेजन 42 हजार और हैपेरिन इंजैक्शन की कीमत 2500 रुपए है। हैपेरिन इंजैक्शन नेक टी प्लेजन के एक सप्ताह के बाद लगाया जाता है। अब दोनों ही इंजैक्शन सरकार ने नि:शुल्क कर दिए हैं। यहां पर सबसे बड़ी बात है कि मरीजों की दिल की बीमारी के साथ घर की चिंता भी दूर हो गई है। दिल की बीमारी के साथ घर की चिंता इसलिए दूर हुई है कि गरीब मरीज इतने महंगे इंजैक्शन नहीं खरीद पाते थे, ऐसे में मरीजों को घर पर लोगों से पैसे उधार लेने पड़ते थे, तभी मरीजों का इलाज करवा पाते थे। सरकार ने अब मरीज की दोनों ही चिंताएं दूर कर दी हैं। 

नेक टी प्लेजन इंजैक्शन तब लगाया जाता है, जब दिल और ब्रेन की खून की नाली में खून जमता है। अगर समय से मरीज को यह इंजैक्शन नहीं दिया जाता है तो मरीज की ब्रेन हैमरेज या फिर हार्ट अटैक से मौत हो जाती है। आई.जी.एम.सी. में ऐसे कई मरीज आते हैं जो इतने महंगे इंजैक्शन नहीं खरीद पाते हैं, लेकिन अब मरीजों को इन इंजैक्शन के मिलने से काफी राहत मिलेगी। चिकित्सकों का मानना है कि इन इंजैक्शन के देने से मृत्यु दर में भी अवश्य ही कमी आएगी। आई.जी.एम.सी. प्रशासन ने सरकार के दिशा-निर्देशानुसार ये दोनों इंजैक्शन आई.जी.एम.सी. में उपलब्ध करवा दिए हैं।

 हालांकि नेक टी प्लेजन इंजैक्शन पहले ही मरीजों को मिलना शुरू गया था। अब हैपेरिन इंजैक्शन भी मरीजों को मिलना शुरू हो गया है। यह इंजैक्शन आपातकालीन वार्ड, काॢडयोलॉजी, आई.सी.यू., न्यूरोलॉजी व सी.सी.यू. मैडीसन आदि वार्ड में भर्ती मरीजों को दिया जाएगा। आई.जी.एम.सी. के प्रशासनिक अधिकारी डा. राहुल गुप्ता ने कहा कि हमने यह इंजैक्शन उपलब्ध कर दिया है। मरीजों को इससे काफी राहत मिलेगी। प्रशासन ने डाक्टर को इस इंजैक्शन के बारे में अवगत करवाया है। 

Edited By

Simpy Khanna