अग्निहोत्री बोले- BJP बताए क्यों काटे सांसदों के टिकट

Friday, Apr 12, 2019 - 11:26 AM (IST)

शिमला/ऊना (कुलदीप/सुरेंद्र): कांग्रेस ने सांसदों के टिकट काटने पर भाजपा पर सवाल दागा है। कांग्रेस ने पूछा कि आखिर क्यों भाजपा को अपने वर्तमान सांसदों के टिकट काटने पड़े। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना में कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि आखिर भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक शांता कुमार के साथ शिमला के सांसद वीरेंद्र कश्यप का टिकट क्यों काटा? क्या उनकी परफॉर्मेंस ठीक नहीं थी? क्या वह हारने जा रहे थे? वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भी इसी मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस की मजबूती को देखते हुए इस बार भाजपा को अपने 2 सांसदों के टिकट काटने के लिए बाध्य होना पड़ा है। 

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर हर दिन कांग्रेस प्रत्याशियों के बारे बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि उनको अपने प्रत्याशियों की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मजबूत उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं, जिससे भाजपा नेताओं की नींद उड़ी हुई है। राठौर ने कहा कि भाजपा के लिए ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है, जिसकी ज्वाला फूटने वाली है। वहीं विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा ,मंडी, हमीरपुर की रेल लाइन कहां है, यह जवाब क्यों मुख्यमंत्री नहीं दे रहे हैं। प्रदेश के 3 संसदीय क्षेत्रों में बनाई गई हवाई पट्टियों का विस्तार नहीं हो पाया है। मुकेश ने कहा कि प्रदेश में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग चुनावों में किया जा रहा है, जलसों में लोगों को लाने के लिए सरकारी अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा है।

Ekta