चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस ने सशक्त उम्मीदवारों के नामों पर शुरू किया मंथन

Thursday, Mar 14, 2019 - 09:34 AM (IST)

शिमला (राक्टा): चुनाव की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस ने सशक्त उम्मीदवारों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रयासरत है कि जल्द से जल्द प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगा दी जाए, ताकि चुनावी प्रचार को तेज किया जा सके। इसके तहत बुधवार को कांगे्रस नेताओं की अहम बैठक चंडीगढ़ में होने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार बैठक में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और जी.एस. बाली सहित अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में चारों संसदीय क्षेत्रों से सशक्त उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार हर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने 3-3 नामों पर पैनल तैयार किए, जिसे अब स्क्रीनिंग कमेटी को भेजा जाएगा। 

पार्टी सूत्रों के अनुसार मंडी सीट से कांग्रेस की पहली पसंद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हैं। मंडी सीट के लिए वीरभद्र सिंह के अलावा पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर और विधायक विक्रमादित्य सिंह का नाम भी चर्चा में है। देखा जाए तो वीरभद्र सिंह चुनाव लडऩे से इंकार कर चुके हैं। इसी तरह शिमला संसदीय सीट के लिए विधायक कर्नल धनी राम शांडिल के अलावा विनोद सुल्तानपुरी, अमित नंदा और हमीरपुर से अभिषेक राणा, मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर चर्चा हो रही है। कांगड़ा संसदीय सीट पर सुधीर शर्मा, जी.एस. बाली और आशा कुमारी के नाम पर चर्चा है। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से 39 आवेदनकत्र्ताओं ने पार्टी टिकट की दावेदारी जताई है।

राठौर नहीं ले पाए बैठक में भाग

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर जनचेतना यात्रा के चलते बैठक में भाग नहीं ले सके। शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत आयोजित जनचेतना यात्रा वीरवार को अर्की, कुनिहार, जाडला व चंडी से होते हुए दून विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी और पार्टी अध्यक्ष पंजेरा में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक जल्द

पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक जल्द ही दिल्ली में होगी। सूत्रों के अनुसार यह बैठक 17 मार्च को हो सकती है। इसमें लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। पार्टी के संगठनात्मक महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में गठित प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी आवेदनों पर चर्चा कर केंद्रीय चुनाव समिति के पास नाम भेजेगी।

कांगड़ा से 3 चेहरे

कांगड़ा से सुधीर शर्मा व पवन काजल के साथ प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल व सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली ने काफी देर तक चर्चा की। इसके अलावा जी.एस. बाली से भी इस बारे में चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि पार्टी इन 3 चेहरों से ही एक पर दांव खेलने की तैयारी में है। वीरवार को भी प्रदेश के कुछ नेताओं से इस बारे बात होगी। बता दें कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Ekta