सावधान शिमला! अगर खुले में कूड़ा फैंका या जलाया तो निगम देगा यह सजा
punjabkesari.in Friday, Apr 14, 2017 - 09:51 AM (IST)

शिमला : खुले में कूड़ा फैंकने व जलाने पर नगर निगम अब सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा। इसके लिए निगम प्रशासन ने शहर में विशेष मुहिम शुरू कर दी है, जिसके चलते शहर के कैथू, अनाडेल, समरहिल व बालूगंज में 21 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां पर लोग खुले में कूड़ा फैंक रहे हैं, जिससे शहर में गंदगी फैल रही है। निगम आयुक्त जी.सी. नेगी ने बताया कि शिमला को गंदा करने वालों पर निगम सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा। आयुक्त ने आम जनता से शिमला में सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की है। आयुक्त ने कहा कि शहर में डोर-टू-डोर गारबेज कलैक्शन योजना के तहत घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है बावजूद इसके लोग खूले में कूड़ा फैंक रहे हैं, जिसकी शिकायत प्रशासन को मिल रही है। इसी के तहत निगम ने विशेष मुहिम शुरू कर दी है। इस मुहिम के तहत यदि कोई भी कूड़ा फैंकते हुए दिखाई दिया तो उस पर सख्त कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है। गौर है कि निगम को बालूगंज, समरहिल, कैथू व अनाडेल वार्ड से खुले में कूड़ा फैंकने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके तहत प्रशासन ने मुहिम छेड़ी है। प्रशासन ने जनता से शहर को साफ व सुंदर बनाए रखने की अपील की है।