Chamba: खेत में लहलहा रही थी अफीम की खेती, SIU टीम ने 878 पौधों सहित धरा आरोपी

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 07:24 PM (IST)

चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने साहो क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस ने मौके से अफीम के 878 पौधे बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई को सूचना मिली थी कि साहो क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुखरोटू गांव में जीतो नामक एक व्यक्ति ने अपने खेतों में गुपचुप तरीके से अफीम के पौधों की खेती कर रखी है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पैक्टर गगनदीप और मुख्य आरक्षी अवनीश की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसआईयू की टीम ने बिना देरी किए पुखरोटू गांव में आरोपी जीतो के खेत में दबिश दी, जहां अफीम के 878 पौधे उगाए गए थे। पुलिस ने तुरंत पौधों को उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी जीतो के खिलाफ पुलिस थाना सदर चम्बा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी अफीम की यह खेती कब से कर रहा था और इसके तार किन-किन नशा तस्करों से जुड़े हुए हैं।

इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। उन्होंने सख्त लहजे में संदेश देते हुए कहा कि जिला चम्बा को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार और पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News