मंडी-पठानकोट हाईवे पर 9 वर्षीय मासूम के साथ घटी बड़ी अनहोनी, मातम में बदलीं त्यौहार की खुशियां

punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 07:36 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (विनोद): मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154 पर स्थित मोहनघाटी में पेश आए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की त्यौहार की खुशियों को पलभर में मातम में तब्दील कर दिया। यहां सड़क पार कर रहे एक 9 वर्षीय मासूम बालक को टैक्सी ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मासूम को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उपमंडल की ग्राम पंचायत बदेहड़ के अंतर्गत आने वाले मोहनघाटी क्षेत्र में घटा। स्थानीय निवासी अमित का 9 वर्षीय बेटा मुकुल घर से मंगवाए गए एक ऑनलाइन पार्सल को लेने के लिए सड़क के दूसरी ओर खड़े डिलीवरी ब्वॉयज के पास गया था। डिलीवरी ब्वॉयज से पार्सल लेने के बाद जब मुकुल वापस अपने घर की ओर लौटने के लिए हाईवे पार कर रहा था, तभी अचानक वहां से गुजर रही एक टैक्सी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम बालक सड़क पर काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल बालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बैजनाथ ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मुकुल को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News