फेसबुक पर राहुल-प्रियंका के खिलाफ अभद्र टिप्पणी मामले में SP से शिकायत (Video)

Sunday, Dec 23, 2018 - 04:42 PM (IST)

शिमला/सोलन: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने पर पुलिस ने यूथ कांग्रेस की शिकायत पर सदर थाना शिमला में एफ.आई.आर. दर्ज कर ली है। उधर, सोलन कांगे्रस ने भी सोलन पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। कांग्रेसियों ने पोस्ट डालने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई करने की मांग की है। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा गठित प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना प्रचार-प्रसार अभियान समिति के प्रदेशाध्यक्ष द्वारा फेसबुक में राहुल गांधी तथा प्रियंका वाड्रा के नाम चिन्हित कर भाई-बहन के पवित्र रिश्तों के विरुद्ध घटिया टिप्पणी की गई है जोकि भाजपा की घटिया मानसिकता को दर्शाती है।

भाई-बहन का रिश्ता हुआ शर्मसार

उन्होंने कहा कि बीते दिनों राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका वाड्रा के घर का निरीक्षण करने शिमला के छराबड़ा में भी आए थे, ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष ने उनके खिलाफ गलत टिप्पणी की है। इससे भाई-बहन का रिश्ता शर्मसार हुआ है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब जल्द ही पुलिस उसको पूछताछ के लिए तलब करेगी। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ सदर थाना के तहत धारा 295ए और आई.पी.सी. की धारा 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।

टिप्पणी करना भाजपा की घटिया मानसिकता

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस इस टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करती है। युवा कांग्रेस ने इसके खिलाफ  सदर थाने में एफ .आई.आर. दर्ज करवाई है। अगर इस मामले जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस 27 दिसम्बर को पुलिस प्रशासन का घेराव करेगी। इस तरह की टिप्पणी करना भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से लेकर छोटे कार्यकर्ता तक की घटिया मानसिकता है। समाज में इस तरह की टिप्पणी करना अशोभनीय है।

डी.एस.पी. से मिला सोलन कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

उधर, सोलन में कांग्रेस महासचिव रोहित शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल डी.एस.पी. मुख्यालय अमित ठाकुर से मिला और उन्हें लिखित शिकायत दी। वहीं दूसरी ओर डी.एस.पी. अमित ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा कानून के तहत जो भी कार्रवाई होगी, वह की जा रही है।

टिप्पणी के बाद गरमाई सियासत

डी.एस.पी. को मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे कांग्रेस के पूर्व पार्षद अमन सेठी, लीगल सैल सोलन के अध्यक्ष गगन चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव सुभाष वर्मानी, एडवोकेट ललित शर्मा व दलबीर सिंह ने कहा कि इससे साफ हो रहा है कि भाजपा से जुड़े लोग सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों भाई-बहन यहां पर आए थे, ऐसे में उनको लेकर अभद्र टिप्पणी करने से प्रदेश की साख पर भी बट्टा लगा है।

Vijay