'लमन बैंड' के अभिषेक बिष्ठ ने BJP छोड़ कांग्रेस का थामा हाथ (Video)

Wednesday, Apr 10, 2019 - 02:21 PM (IST)

मंडी (नीरज): यूट्यूब पर 'लमन' के नाम से मशहूर गायक अभिषेक बिष्ठ ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। आज सुबह उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के घर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी आस्था जताई। आश्रय शर्मा ने कांग्रेस का पटका पहनाकर गायक अभिषेक बिष्ठ का पार्टी में स्वागत किया। बता दें कि अभिषेक बिष्ठ मूलतः मंडी शहर के भगवाहन मुहल्ला के रहने वाले हैं और हिमाचल प्रदेश के जाने-माने गायक हैं। ’’शिव कैलाशों के वासी, धौलीधारों के राजा’’ गाना इन्होंने ही गाया है जोकि न सिर्फ देश में बल्कि वर्ल्ड फेमस हो चुका है। 

यू टयूब पर इन्होंने लमन बैंड के नाम से अपना चैनल बनाया है जिसके साथ लाखों लोग जुड़े हुए हैं। अभिषेक बिष्ठ ने कहा कि भाजपा में युवाओं को मान-सम्मान नहीं मिल रहा था जिस कारण उन्होंने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का हाथ थामा है। अभिषेक ने कहा कि मंडी से कांग्रेस के आश्रय शर्मा के रूप में एक युवा प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारा है जिससे युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आश्रय काफी सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं और उन्होंने युवाओं के साथ लेकर चलने की बात कही है। अभिषेक ने बताया कि वह चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे ताकि मंडी सहित प्रदेश की सभी सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाई जा सके।

Ekta