हिमाचल में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी AAP, जल्द घोषित होगा CM का चेहरा : सत्येंद्र जैन

Saturday, Mar 12, 2022 - 05:51 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली व पंजाब के बाद अब आम आदमी पार्टी हिमाचल में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। इसके लिए आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारेगी। पार्टी जल्द ही हिमाचल में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करेगी। दूसरे दलों के कई अच्छे लोग उनके संपर्क में हैं। इसके अलावा प्रदेश में सरकार बनाने पर दिल्ली व पंजाब मॉडल लागू किया जाएगा। यह बात उन्होंने शनिवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप ने शिक्षा, स्वास्थ्य व महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दे पर चुनाव लड़ा तथा जीत दर्ज की। अब हिमाचल में भी आप पूरी शिद्दत से चुनाव लड़ेगी व सरकार बनाएगी तथा दिल्ली मॉडल लागू करेंगे, साथ ही पार्टी नगर निगम शिमला के चुनाव भी लड़ेगी।

शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा होगी मुफ्त

आम आदमी पार्टी सत्ता में आने पर प्रदेश के लोगों को शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा मुफ्त दी जाएगी। यदि देश को विकसित करना है तो यह दोनों मूलभूत सुविधाएं मुफ्त में देना आवश्यक है। सभी विकसित देशों में यह फ्री है। उन्होंने कांग्रेस व भाजपा के फ्री के स्लोगन पर कहा कि कुछ भी फ्री नहीं है। हर चीजें प्री-पेड हैं। इसके लिए जनता ने पहले से ही कर के रूप में अदा किया है। जनता के पैसों को नेता पर क्यों खर्च किया जाए, जनता पर क्यों नहीं। 

आप के पास भाजपा को हराने का मंत्र

जैन ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी दिल्ली व पंजाब की अच्छी योजनाएं लागू करेगी। वहीं लोगों के सुझाव पर रोड मैप तैयार किया जाएगा। हिमाचल में ओल्ड पैंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में 3 से 4 लाख करोड़ रुपए के कर्जे का पता करेंगे तथा एक माह में पंजाब में काम दिखेंगे। उन्होंने कहा कि आप के पास भाजपा को हराने का मंत्र है। खास आदमी पर आम आदमी भारी पड़ेगा। 

शिमला में आप ने निकाली विजय रैली

शिमला में आम आदमी पार्टी में विजय रैली निकली। सत्येंद्र जैन की अध्यक्षता में पार्टी ने खालीनी से शेर-ए-पंजाब  तक ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकाली। इस दौरान पंजाब जीत का उत्साह कार्यकत्र्ताओं के चेहरे पर स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

राकेश चौधरी व गौरव आप में शामिल

शिमला में धर्मशाला में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके राकेश चौधरी तथा पूर्व पार्षद गौरव ने आज आप का दामन थाम लिया, जिन्हें सत्येंद्र जैन ने पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay