Kangra: नाइजीरिया में रोजगार की तलाश में गए कांगड़ा के व्यक्ति की मौत, बेटे ने दी मुखाग्नि
punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2025 - 02:30 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। उपमंडल फतेहपुर के मकड़ोली निवासी राजीव कुमार (39), जो दो साल पहले रोजगार की तलाश में नाइजीरिया गए थे, का 10 फरवरी को नाइजीरिया के लागोस शहर में हृदयाघात से निधन हो गया। वे एक लोहा फैक्ट्री में हेल्पर के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार की एकमात्र आय का स्रोत थे। राजीव कुमार के निधन से उनका परिवार गहरे सदमे में है।
राजीव कुमार इस साल 25 मार्च को पहली बार अपने पैतृक गांव लौटने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी असमय मृत्यु हो गई। वे अपने बुजुर्ग माता-पिता और परिवार के लिए जीवनयापन का मुख्य साधन थे। उनके निधन के बाद उनके पिता पूर्ण सिंह, माता स्वर्णी देवी, पत्नी रेखा देवी, 11 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटा अत्यंत दुःखी हैं।
शनिवार को जब राजीव कुमार का पार्थिव शरीर गांव वापस पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांववाले और परिजन गहरे दुःख में डूबे हुए थे। उनके बेटे शौर्य ने नम आंखों से अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
स्थानीय लोगों ने राजीव कुमार के परिवार की आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि उनका परिवार इस कठिन समय से उबर सके। उनका असामयिक निधन न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक भारी दुख का कारण बना है। ऐसे परिवारों के लिए सरकार से तत्काल मदद की आवश्यकता है।