ओच्छघाट में पहाड़ से दो मंजिला मकान पर गिरी विशाल चट्टान, घर हुआ तहस-नहस
punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 01:38 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के ओच्छघाट क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुधवार देर रात पहाड़ से एक विशाल चट्टान खिसककर दो मंजिला मकान पर जा गिरी, जिससे उसकी छत और आंगन टूट गए। यह चट्टान कुछ पेड़ों पर अटक गई, जिससे इसका कहर आसपास के घरों तक नहीं पहुंच सका और एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना तब हुई जब क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। सुबह जब स्थानीय लोगों ने चट्टान को देखा, तो वे सभी हैरान रह गए। चट्टान का आकार इतना बड़ा था कि वह आसानी से कई घरों को तबाह कर सकता था। स्थानीय पंचायत प्रधान पूनम ने बताया कि उन्हें पहले ही चट्टान के खिसकने का डर था, इसलिए उन्होंने रात में ही घर को खाली करवा दिया था। इस सावधानी के कारण, मकान मालिक किरण शर्मा और उनकी बेटी की जान बच गई।
इसके अलावा, सोलन जिले के धर्मपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। बठोल गांव में भूस्खलन के कारण तीन घरों में दरारें आ गई हैं, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन घरों को खाली करवा दिया है। लोगों का कहना है कि भूमि का कटाव लगातार जारी है, जिससे पूरे गांव को खतरा है। गांव के खेतों में भी गहरी दरारें पड़ गई हैं। धर्मपुर पंचायत के उप प्रधान अजय गरचा ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान का आकलन किया।