शिमला में घर में लगी भीषण आग...मचा हड़कंप; एक करोड़ का सामान जलकर राख
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 11:34 AM (IST)
Shimla News: हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के एक गांव में शनिवार तड़के एक भीषण अग्निकांड में लकड़ी का एक रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागी पुलिस चौकी ने सुबह करीब 6:30 बजे कोटखाई थाना को सूचना दी कि शागलता गांव में रजनीश ओक्टा, पुत्र मोही राम ओक्टा, के घर में आग लग गई है। बताया गया कि आग तड़के करीब 2:30 बजे उस समय लगी, जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जैसे ही आग पर काबू पाने की कोशिश की, तब तक लपटें मकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। ग्रामीणों की तत्परता और बाद में दमकल विभाग की मदद से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। पुलिस के अनुसार, घर के सभी सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
करीब एक करोड़ का नुकसान
हालांकि, इस आगजनी में घरेलू सामान, फर्नीचर, विद्युत उपकरण और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। प्रभावित परिवार को हुए नुकसान का अनुमान करीब एक करोड़ रुपये लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षति का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

