वीर सैनिकों के शौर्य के नाम रहेगी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि की एक सांस्कृतिक संध्या

Friday, Mar 01, 2019 - 02:54 PM (IST)

मंडी(नीरज) : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की एक सांस्कृतिक संध्या वीर सैनिकों के शौर्य के नाम पर रहेगी। मंडी जिला प्रशासन ने भारतीय सैनिकों के शौर्य पर इस संध्या को आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि जिस तरह से भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तान को मुहंतोड़ जबाव देकर अपने शौर्य का परिचय दिया है। उसी से प्रेरित होकर इस संध्या को वीर सैनिकों के नाम पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि 8 मार्च को इस संध्या का आयोजन किया जाएगा और इसमें योगेंद्र शर्मा एवं साथी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वीररस के कवि कविताओं के माध्यम से देशभक्ति का बखान करेंगे। वहीं शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक पूरी सांस्कृतिक संध्या में देशभक्ति से प्रेरित कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। यह पहली बार होगा जब शिवरात्रि महोत्सव की पूरी सांस्कृतिक संध्या में देशभक्ति से संबंधित कार्यक्रम होंगे। बता दें कि जिला प्रशासन पहले ही दो सांस्कृतिक संध्याओं में कटौती करने का निर्णय ले चुका है। इन संध्याओं का पैसा पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को दिया जाएगा।

डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से शहीदों के परिवारों को आर्थिक मदद भेजना चाहता है तो वह जिला प्रशासन से संपर्क कर सकता है। प्रशासन द्वारा भेजी जाने वाली राशि में उसे जोड़कर भेजा जाएगा। उन्होंने लोगों से इस कार्य में अधिक से अधिक योगदान देने का निर्णय लिया है। ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 5 मार्च को सीएम जयराम ठाकुर करेंगे जबकि 11 मार्च को राज्यपाल आचार्य देवव्रत इसका समापन करेंगे। पूरा महोत्सव बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की थीम पर आयोजित किया जाएगा।

 

kirti