बिलासपुर में देर रात गौशाला में लगी भीषण आग...मची अफरा तफरी; परिवार को हुआ भारी नुकसान

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 11:54 AM (IST)

Bilaspur News: बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत कचौली के साईं कनेता गांव में देर रात एक गौशाला में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, इस आगजनी की घटना में सुरेश कुमार की गौशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की सूचना मिलते ही गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए गौशाला में बंधे सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की तत्परता के चलते गौशाला से सटे रिहायशी मकान को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी, जिससे आग बुझाने में काफी परेशानी आई।

"पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए"

इस घटना में गौशाला के भीतर रखा चारा, लकड़ी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गय, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही गांव तक सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News