घर पर अकेला था 29 साल का युवक, ड्यूटी से लौटी मां ने जैसे ही खोला दरवाजा...अंदर का मंजर देख खिसक गई पैरों तले जमीन

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 11:55 AM (IST)

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला की बिहार कॉलोनी में एक 29 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान तनुष पुरी के रूप में हुई है, जिसने अपने कमरे में छत के पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

ड्यूटी से लौटी मां के उड़े होश

जानकारी के अनुसार, मृतक तनुष मूल रूप से पंजाब के मोहाली का निवासी था और पिछले कई सालों से अपनी मां के साथ बरोटीवाला में रह रहा था। उसकी मां चंडीगढ़ में कार्यरत हैं। शनिवार शाम जब वह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर वापस लौटीं, तो तनुष के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों की मदद से बालकनी के रास्ते कमरे में प्रवेश किया गया। अंदर का मंजर देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। तनुष मां के ही दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से झूल रहा था।

पड़ोसियों की मदद से उतारा शव

घटना की सूचना तुरंत बरोटीवाला पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से युवक को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि तनुष गैस चूल्हा और चिमनी रिपेयरिंग का काम करता था। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आखिर युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि नालागढ़ अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News