हिमाचल के 50 शहरी निकायों में 70 प्रतिशत हुआ मतदान

punjabkesari.in Sunday, Jan 10, 2021 - 08:10 PM (IST)

शिमला: सूबे के 50 शहरी निकायों में शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हो गए हैं। चुनाव में उतरे 1186 दावेदारों में से 401 को आगामी 5 साल के लिए जनादेश मिला है। इन चुनावों में 3,10,730 मतदाताओं में से 203585 (68.70 प्रतिशत) लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 104270 पुरुष और 99243 महिलाएं शामिल हैं। शिमला जिला के नारकंडा नगर पंचायत में सर्वाधिक 90 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। जिला की बात करें तो ऊना के निकायों में सबसे ज्यादा 73.40 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। वहीं शिमला जिला के सभी निकायों में सबसे कम 62.40 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकतर जगह कोविड-19 को लेकर जारी एसओपी का पालन करते हुए मास्क लगाकर और सामाजिक दूरी बनाते हुए लोगों ने मतदान किया।
PunjabKesari

बद्दी, ऊना और कांगड़ा में शाम 6 बजे के बाद भी जारी रहा मतदान

बद्दी, ऊना और कांगड़ा के एक निकाय में शाम 6 बजे के बाद भी मतदान जारी रहा जबकि कई जगह 6 बजे नतीजे आने भी शुरू हो गए। प्रदेश की 29 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतों में चुनाव के लिए कुल 456 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। इनमें ईवीएम के जरिए मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे आरंभ हुई। दोपहर बाद 4 बजे तक अधिकतर लोग मतदान कर चुके थे। कुछेक स्थानों पर 4 बजे के बाद कोविड मरीजों और क्वारंटीन चल रहे लोगों ने भी वोट दिए। इसके तुरंत बाद निकाय मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कार्य आरंभ हुआ और शाम 8 बजे तक ज्यादातर शहरी निकायों में रिजल्ट घोषित कर दिए गए।

13 सदस्य पहले ही चुने जा चुके हैं निर्विरोध

जिन 50 नगर निकायों में चुनाव संपन्न हुए। उनमें कुल वार्ड 420 है। 13 सदस्य पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं जबकि नेरचौक और करसोग के 7 और 9 नंबर वार्ड में किसी ने नामांकन पत्र ही दाखिल नहीं किए। लिहाजा रविवार को यह वोटिंग 401 पदों के लिए करवाई गई। शाम के वक्त जीत के बाद कुछेक स्थानों पर जश्न में सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां भी उड़ाई गई। इसके बाद अब चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चयन चुने हुए सदस्य में से ही किया जाएगा। इसके लिए मतगणना खत्म होते ही कदमताल शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों ने अपने-अपने पक्ष में सदस्य का समर्थन लेने के लिए सियासी मोहरे चला दिए हैं। अब निकायों की सरदारी शहरी विकास विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले प्रोग्राम के मुताबिक होगी।

68 कोविड मरीजों ने भी मतदान

निकाय चुनाव में 68 कोविड पॉजिटिव मरीजों ने भी मतदान किया। इनमें बिलासपुर में 10, चम्बा में 2, हमीरपुर में 4, कांगड़ा में 9, कुल्लू में एक, मंडी में 18, शिमला में 3, सोलन में 6 तथा ऊना जिला में सबसे ज्यादा 15 कोविड मरीजों ने वोट दिए। इनके मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने पहले ही तैयारियां कर रखी थी। एक स्वास्थ्य कर्मी को पीपीई किट दी गई थी। इसके बाद सामाजिक दूरी के नियम और मास्क लगाकर कोविड मरीजों से मतदान कराया गया।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prashant sharma

Recommended News

Related News