सीएम जयराम के विधानसभा क्षेत्र से 6 पंचायतों का हुआ निर्विरोध निर्वाचन

Saturday, Jan 09, 2021 - 11:35 PM (IST)

शिमला/गोहर/जंजैहली (ब्यूरो/ख्यालीराम): तमाम प्रयासों के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र सिराज में सिर्फ 6 पंचायतें ही निर्विरोध चुनी गई हैं। इसमें 3 सिराज और 3 पंचायतें बालीचौकी क्षेत्र की हैं, जिन्हें निर्विरोध चुना गया है। प्रदेश में अब तक कुल मिलाकर 102 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। इससे पहले वर्ष, 2010 में 106 और वर्ष 2015 में 114 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई थीं। प्रदेश में इस बार अभी निर्विरोध चुनी जाने वाली पंचायतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्र की 100 से अधिक पंचायतों में जून माह में चुनाव होने हैं। इसके अलावा शिमला जिला के टुटू और चौपाल ब्लॉक में अभी प्रधान पद के चुनाव होने बाकी हैं।

लाहौल-स्पीति में 11 पंचायतें निर्विरोध चुनीं

मंत्रियों की बात करें तो तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा के विधानसभा क्षेत्र लाहौल-स्पीति में अब तक सर्वाधिक 11 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। यहां पर कम से कम दसवीं पढ़े-लिखे प्रत्याशियों के निर्वाचन पर सहमति बनी है। जहां पर दसवीं पढ़े-लिखे प्रत्याशी नहीं मिले हैं, वहां पर सबसे अधिक अनुभवी को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुना गया है। लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र की कुछ पंचायतों में जून माह में चुनाव होने हैं, ऐसे में वहां पर अभी भी कुछ पंचायतों में निॢवरोध निर्वाचन की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा वीरेंद्र कंवर, बिक्रम सिंह, सुखराम चौधरी और डा. राजीव सहजल के क्षेत्र की कुछ पंचायतें भी निर्विरोध चुनी गई हैं। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर के बेटे दीपांकर कंवर भी प्रधान पद पर निर्विरोध चुने गए हैं तथा उनकी पूरी पंचायत निर्विरोध निर्वाचित हुई है।

उद्योग मंत्री की पंचायत भी निर्विरोध चुनी

उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह की अमरोह पंचायत भी निर्विरोध चुनी गई है। साथ ही कई विधायकों के विधानसभा क्षेत्र से भी पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। शिमला जिला में 7 ब्लॉकों की 13 पंचायतें नौरा बोरा, इंदु शिलाल, बालू, जोखर, चरैन-टिक्कर (खांगा), मंजू (डाबरी), पटगैहर, गिलटाड़ी, हलाईला (प्रेम नगर), घूंडा, कोटीघाट, दलगांव व कायव निर्विरोध चुनी गई हैं। शिमला में निर्विरोध चुनी गई यह पंचायतें किसी मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में नहीं आती। यहां से मंत्री बने सुरेश भारद्वाज का विधानसभा क्षेत्र शिमला शहरी है, जहां पर नगर निगम के चुनाव आगामी वर्ष होने हैं।

जेपी नड्डा की पंचायत भी निर्विरोध निर्वाचित

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की पंचायत भी निॢवरोध चुनी गई है। उनकी पंचायत विजयपुर में आम सहमति से प्रधान से लेकर अन्य पदों पर चयन किया गया है।

Vijay