मंडी में 2.163 किलोग्राम चरस व 33 ग्राम हैरोइन के साथ 6 गिरफ्तार

Saturday, Jan 09, 2021 - 08:32 PM (IST)

मंडी (अनिल): मंडी जिला में पुलिस ने शनिवार को नाके के दौरान 4 अलग-अलग मामलों में 2 किलो 163 ग्राम चरस पकडऩे में कामयाबी हासिल की है। नशे के इस काले कारोबार में पुलिस ने एक महिला को भी धर दबोचा है, वहीं पुलिस ने नाके के दौरान 2 युवकों के कब्जे से 33 ग्राम हैरोइन बरामद की है। बल्ह पुलिस थाना द्वारा लोहारा में 33 ग्राम हैरोइन के साथ बाहरी राज्य के 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। युवकों की पहचान सिक्किम के 23 वर्षीय और अरुणाचल के 22 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। ये दोनों युवक मंडी में एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।

वहीं पुलिस थाना करसोग की टीम ने नाके के दौरान 29 वर्षीय युवक से 800 ग्राम चरस बरामद की है। युवक की पहचान सत्यदेव निवासी सैरीबैंगलो तहसील करसोग जिला मंडी के रूप में हुई है। दूसरे मामले में पधर थाना की पुलिस ने नाके के दौरान 38 वर्षीय एक व्यक्ति से 84 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी का नाम ताराचंद निवासी रोपड़ू डाकघर लोहारड़ी तहसील मुल्थान जिला कांगड़ा है। तीसरा मामला बल्ह थाना के अंतर्गत सामने आया है। बल्ह थाना की टीम ने नाके के दौरान एक बाइक सवार की तलाशी ली तो उसके पास से 976 ग्राम चरस बरामद हुई है। बाइक सवार सोहन सिंह (33) निवासी चंदेह तहसील सदर जिला मंडी का रहने वाला है।

वहीं एक अन्य मामले में पधर थाना की टीम ने 303 ग्राम चरस के साथ 34 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। नशे की खेप के साथ पकड़ी गई यह महिला तहसील सदर जिला मंडी की रहने वाली है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Vijay