हिमाचल के 9 जिलों में बर्फबारी से 557 सड़कें, 1757 ट्रांसफार्मर बंद

Sunday, Jan 09, 2022 - 11:33 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है।  शिमला, चम्बा, कुल्लू, सिरमौर, मंडी, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा के बड़ा भंगाल और सोलन के चायल में बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार कुफरी व खदराला में सबसे ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है। कुफरी और खदराला में 55 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा शिलारू में 42, डल्हौजी में 30, कल्पा में 22, कोठी में 20, चौपाल, शिमला और हंसा में 15 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट पर नजर डालें तो रविवार सुबह तक कांगड़ा जिला के बड़ा भंगाल में 4 फुट, चम्बा जिला के भरमौर व डल्हौजी में 1 फुट से अधिक व सिरमौर जिला के हरिपुरधार में 1 फुट बर्फ रिकॉर्ड की गई है।

इसी तरह कुल्लू जिला की अटल टनल में 10 इंच, लाहौल-स्पीति जिला के सिस्सु और मंडी जिला की शिकारी माता में 6-6 इंच तक बर्फ गिरी है। पराशर लेक, सोलन जिला के चायल, किन्नौर के कल्पा और गुलाबा में 5 इंच बर्फ रिकॉर्ड की गई। बीड बिलिंग में 4 इंच तो केलांग और शिमला के कुफरी में 3-3 इंच बर्फबारी हुई है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते पूरे प्रदेश में 3 नैशनल हाईवे और 557 सड़कें बंद हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक लाहौल-स्पीति में 181, चम्बा में 46, किन्नौर में 38, शिमला में 209, मंडी में 42 और कुल्लू में 31 सड़कें अवरुद्ध हैं। प्रदेश में 1757 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प होने से प्रदेश के कई क्षेत्रों में ब्लैक आऊट हो गया है।

केलांग में न्यूनतम तापमान -5 डिग्री सैल्सियस रिकाॅर्ड

बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने से पूरा प्रदेश भीषण शीतलहर की चपेट में आ गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान -5, कुफरी में -2.8, कल्पा में -2, शिमला में -0.2 और मनाली में शून्य डिग्री सैल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मौसम विभाग ने शिमला समेत पर्वतीय इलाकों में आगामी 24 घंटों के दौरान और बर्फबारी की संभावना जताई है। प्रदेश की राजधानी शिमला में साल की दूसरी बर्फबारी हुई है। शहर की सबसे ऊंची चोटी जाखू हिल्स समेत रिज मैदान और मॉल रोड सफेद चादर से ढक गए हैं। रविवार को राजधानी की सड़कें, मकानों की छतों और यहां तक कि टहनियों पर भी बर्फ लदी है। जाखू में लगभग एक फुट बर्फबारी दर्ज की गई है। वीकैंड पर शिमला पहुंचे सैलानी बर्फबारी के मनमोहक नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं। बर्फबारी का दीदार करने बड़ी संख्या में सैलानियों ने शिमला में डेरा डाला है। यहां के होटल 80 फीसदी से अधिक भर गए हैं।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के साथ बर्फ का आनंद लिया

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने रविवार को राजभवन में मुख्यमंत्री के साथ शिमला में इस मौसम की पहली बर्फबारी का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने बर्फबारी के संबंध में राज्यपाल के साथ अपने अनुभवों को सांझा किया। इस दौरान शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, कृषि मंत्री डाॅ. रामलाल मारकंडा, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सहजल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नगर निगम शिमला महापौर सत्या कौंडल व अन्य भी उपस्थित रहें।

2 दिन खराब रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी फोरकास्ट के अनुसार प्रदेश में आज और कल भी मौसम खराब रहने वाला है। हालांकि इस दौरान बारिश व बर्फबारी को लेकर यैलो अलर्ट जारी नहीं किया गया है लेकिन हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश में 12 जनवरी से प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Vijay