हिमाचल में अलग-अलग हादसों में 5 की मौत व 4 लापता, बारिश से एक NH सहित 360 सड़कें बंद

Tuesday, Jul 20, 2021 - 09:37 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र): हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सड़क दुर्घटना, फिसलने, पानी में बहने और अन्य कारणों से 5 लोगों की जान गई है। नूरपुर की ग्राम पंचायत कोपड़ा में एक व्यक्ति की नाले में बह जाने से मौत हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक किन्नौर, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और ऊना में 1-1 व्यक्ति की मृत्यु हुई है जबकि चम्बा में 2 तथा कांगड़ा व लाहौल-स्पीति से 1-1 व्यक्ति लापता है। रैड अलर्ट की चेतावनी के दूसरे दिन भी राज्य के ज्यादातर इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इससे  एक एनएच सहित 360 सड़कें अवरुद्ध रहीं।

कांगड़ा में 9 व ऊना जिले में 4 मकान ध्वस्त

बारिश के चलते सड़क किनारे जगह-जगह भू-स्खलन होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। बारिश के बाद कांगड़ा जिले में 9 और ऊना में 4 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। 34 कच्चे व पक्के मकानों को आंशिक क्षति हुई है। कांगड़ा में 14, चम्बा 3, हमीरपुर 5, मंडी 4 व सिरमौर में 1 मकान को आंशिक नुक्सान हुआ है। प्रदेशभर में 16 गऊशालाएं भी बारिश से ध्वस्त हुई हैं। इससे कांगड़ा जिले में 12 पशुओं की मृत्यु हुई है।

200 से अधिक बस रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित

प्रदेश में सड़कें बंद होने से 200 से अधिक बस रूटों पर परिवहन सेवाएं भी बाधित रहीं, जिससे लोगों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ रहा है। मंडी जोन में सबसे ज्यादा 185 सड़कें बंद पड़ी हैं। इसी तरह शिमला जोन में 93 और कांगड़ा जोन में 81 सड़कें अवरुद्ध हंै। इससे स्थानीय लोगों सहित किसानों को अपनी उपज भी मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें हो रही हैं। पी.डब्ल्यू.डी. का दावा है कि विभाग की अपनी और निजी ठेकेदारों की 334 जे.सी.बी., डोजर और टिप्पर सड़कों को बहाल करने में लगे हैं।

अब तक 280 करोड़ की संपत्ति तबाह

मानसून सीजन में अब तक विभिन्न विभागों की 280.07 करोड़ रुपए की संपत्ति को नुक्सान हो चुका है। सबसे ज्यादा 193.68 करोड़ रुपए का नुक्सान पीडब्ल्यूडी की संपत्ति और 75.39 करोड़ का नुक्सान जन शक्ति विभाग की संपत्ति को हुआ है। भारी बारिश के बाद राज्य में 19 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप्प बताए जा रहे हैं।

Content Writer

Vijay