भुजगली धार में दरकी पहाड़ी, मलबे की चपेट में आने से 5 भैंसों की मौत
punjabkesari.in Thursday, Aug 23, 2018 - 10:23 PM (IST)
तीसा: चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत आयल में बुधवार की रात को भुजगली धार में भू-स्खलन की जद्द में आकर 5 भैंसों की मौत हो गई, जबकि अन्य 15 भैंसें घायल हो गई हैं। सूचना मिलने पर संबंधित पंचायत प्रधान ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया तो साथ ही इस बारे में उपमंडल प्रशासन को जानकारी दी। सूचना मिलने पर उपमंडल प्रशासन ने शुक्रवार को घटना स्थल पर जाकर घटना की रिपोर्ट बनाने के राजस्व विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं।
भैंसों पर आ गिरा मलबा व भारी-भरकम पत्थर
जानकारी के अनुसार बुधवार को भुजगली धार में एक पशुपालक अपनी भैंसों के साथ मौजूद था। जब वहां पर भैंसें चर रही थी तो इसी दौरान वहां एक पहाड़ी दरक गई, जिसके चलते काफी मात्रा में मलबा व भारी-भरकम पत्थर नीचे घास चर रही भैंसों पर आ गिरे। कुछ भैंसें उक्त मलबे की चपेट में आ गईं तो साथ ही अन्य भैंसों के झुंड में वहां से भागने की भगदड़ मच गई। इस घटना में 5 भैंसों की मौत हो गई।
पंचायत प्रधान ने प्रशासन व पशुपालन विभाग को दी जानकारी
इस घटना के बारे में पीड़ित पशुपालकों ने स्थानीय पंचायत प्रधान गुलशन बेगम को जानकारी दी। वीरवार को पंचायत प्रधान गुलशन बेगम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने भी भैंसों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की। इस घटना में लाल हुसैन व सैफ अली को भारी नुक्सान हुआ है। पंचायत प्रधान ने इस घटना की जानकारी पशुपालन विभाग को दी तो साथ ही उपमंडल प्रशासन को भी इस बारे में बताया।
पशुपालकों को मिलेगी हरसंभव सहायता
चुराह के तहसीलदार सरताज सिंह पठानिया ने बताया कि पंचायत प्रधान ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। शुक्रवार सुबह राजस्व विभाग की टीम को घटना स्थल पर जाने के निर्देश दे दिए हैं। नुक्सान का आकलन करके रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित पशुपालकों को हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी।