सुंदरनगर में धूं-धूं कर जला 4 मंजिला मकान, लाखों का हुआ नुकसान

Monday, Oct 28, 2019 - 04:36 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी) : दिवाली का त्योहार ग्राम पंचायत चांबी के गांव नाटन निवासी यशवंत सिंह के लिए काली रात बन गया। मामले में बीती देर रात यशवंत सिंह के 4 मंजिला रिहायशी मकान में आग लगने से उसका लगभग 10 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत चांबी के गांव नाटन निवासी यशवंत सिंह पुत्र बंगाली राम के 4 मंजिला पक्के मकान में आग लग गई। पीड़ित यशवंत सिंह बंसल टैंट हाउस के नाम से टैंट का व्यवसाय करता है। इस हादसे में यशवंत सिंह के घर में रखे सामान, एलसीडी, कंप्यूटर, कपड़े सहित डीजे का सामान जल कर राख बन गया।

मामले की सूचना मिलते ही बीएसएल कालोनी प्रभारी प्रकाश चंद मिश्रा व एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान ने मौके के हालत का जायजा लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद बीएसएल फायर ब्रिगेड के जवानों ने मौके पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया और आग को आगे बढ़ने से रोक दिया। उधर मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी बीएसएल कालोनी सुंदरनगर प्रकाश चंद मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा ले लिया है। उन्होंने कहा कि हादसे में यशवंत सिंह का लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने का कारण पटाखों द्वारा प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

Edited By

Simpy Khanna