हिमाचल में 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 100 से अधिक सड़कें बंद

Sunday, Aug 23, 2020 - 08:39 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में आगामी 4 दिन भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक मैदानी और मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसे लेकर 10 जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों के लिए रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 29 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा।

प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मानसून खूब बरस रहा है। खासकर निचले हिमाचल के कई भागों में व्यापक बारिश हुई है। हालांकि विगत 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की बारिश में कमी आई है। अधिकांश स्थानों पर रविवार को भी हल्की वर्षा हुई। इस अवधि में काहू में सर्वाधिक 58 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि जतौन बैरेज में 42, बिलासपुर में 5 और जोगिंद्रनगर में 1 मिलीमीटर बारिश हुई।

राजधानी शिमला में रविवार को दिनभर बादल और धुंध छाई रही। इस बीच भू-स्खलन के कारण राज्य में अभी भी 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक सड़कें मंडी जोन में अवरुद्ध हुई हैं। बारिश से लोक निर्माण विभाग को 28220 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। उधर, बरसात के इस मौसम में व्यास व सतलुज समेत इनकी सहायक नदियां उफ ान पर हैं। प्रशासन द्वारा लोगों को नदी-नालों के किनारों पर न जाने की हिदायत दी गई है।

Vijay